बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के अगस्त 2024 में हुए तख्तापलट के बाद से स्थितियां सामान्य नहीं हो पाई हैं। सबकुछ ठीक करने का वादा करके सत्ता में आए मोहम्मद यूनुस अब तक कुछ खास नहीं कर सके हैं। इसे लेकर बांग्लादेश की जनता का रोष बढ़ रहा है। दूसरी तरफ हिंसा और अपराध की घटनाओं में इजाफा होने से देश की सेना भी नाराज है। खुद सेना प्रमुख भी कुछ मौकों पर इसे लेकर चेतावनी जारी कर चुके हैं। ऐसे में बांग्लादेश में तख्तापलट की खबरें भी सामने आई हैं।
हालांकि, न तो सेना प्रमुख और न ही अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने माना है कि बांग्लादेश में ऐसा कुछ होने वाला है। यूनुस ने तो तख्तापलट के सवाल पर यहां तक कह दिया कि बांग्लादेश इस वक्त 'अफवाहों के त्योहार' का गवाह बन रहा है।
ऐसे में यह जानना अहम है कि आखिर बांग्लादेश में तख्तापलट को लेकर चर्चाएं शुरू होने की क्या वजह है? सेना प्रमुख के वे कौन से बयान थे, जिन्हें लेकर बांग्लादेश में सबकुछ ठीक न होने की बात कही जा रही है? मोहम्मद यूनुस की सरकार ने इस पर क्या कहा है? इसके अलावा शेख हसीना की पार्टी क्या कर रही है? आइये जानते हैं...