फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: गाजा को लेकर इस्राइली सेना का नया आदेश; भारतीय मूल की शोहिनी FBI में संभालेंगी महत्वपूर्ण पद

Wed, 26 Mar 2025 10:51 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
world updates - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कनाडा की एक शीर्ष खुफिया अधिकारी ने आरोप लगाया है कि भारत अपना भू-राजनीतिक प्रभाव कायम करने के लिए कनाडाई समुदायों और लोकतांत्रिक चुनावी प्रक्रियाओं में हस्तक्षेप करने की मंशा रखता है और उसके पास ऐसा करने की क्षमता भी है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कनाडाई सुरक्षा खुफिया सेवा (सीएसआईएस) की उपनिदेशक वैनेसा लॉयड ने यह भी कहा कि चीन, रूस और पाकिस्तान भी कनाडा में आम चुनाव अभियान में हस्तक्षेप कर सकते हैं। वह कनाडा में आम चुनावों को लेकर एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधि कर रही थीं। कनाडा में आम चुनाव के लिए 28 अप्रैल को मतदान होना है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 में लागू एक संघीय प्रोटोकॉल के तहत अगर नौकरशाहों की एक समिति इस निष्कर्ष पर पहुंचती है कि कोई घटना स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान कराने की कनाडा की क्षमता को प्रभावित कर सकती है, तो वह जनता को इसके प्रति आगाह कर सकती है। समिति को चुनावों के लिए सुरक्षा एवं खुफिया खतरों संबंधी कार्य बल से नियमित तौर पर जानकारी मिलती रहती है, जिसकी अध्यक्ष लॉयड हैं।
विज्ञापन


लंदन दौरे पर CM ममता, बंगाल में निवेश की अपील
लंदन दौरे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में निवेश की अपील की है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लंदन में एक कार्यक्रम के दौरान ब्रिटिश कंपनियों को स्वचालन, इंजीनियरिंग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे क्षेत्रों में निवेश करने के लिए पश्चिम बंगाल आमंत्रित किया। बंगाल और यूनाइटेड किंगडम के सदियों पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए ममता ने कहा, अंग्रेजों के शासनकाल में कलकत्ता 1911 तक ब्रिटिश भारत की राजधानी थी। यह शहर आज भी अपनी विरासत इमारतों और संरचनाओं में उस युग की शानदार वास्तुकला का नमूना है। सीएम ने बताया कि हाल के दिनों में कई ब्रिटिश कंपनियों ने पश्चिम बंगाल में निवेश किया है। महिला सशक्तिकरण की ओर इशारा करते हुए सीएम ममता ने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिला उद्यमियों की संख्या अधिक है। देश की संसद में उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के 39 प्रतिशत निर्वाचित सदस्य महिलाएं हैं। उन्होंने ब्रिटेन की एयरलाइनों से कोलकाता और लंदन के बीच सीधी उड़ान शुरू करने का आग्रह किया और बताया कि ब्रिटिश एयरवेज की दोनों शहरों के बीच सीधी उड़ान हुआ करती थी।

ग्रीनलैंड दौरे पर जाएंगे अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस  
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी.वेंस शुक्रवार को अपनी पत्नी के साथ ग्रीनलैंड के दौरे पर जाएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा कि यह दौरा वैश्विक सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। वेंस ने बताया कि वह ग्रीनलैंड की स्थिति का जायजा लेंगे और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर वहां की सुरक्षा को मजबूत करने के उपायों पर विचार करेंगे। 

अलास्का विमान दुर्घटना: पायलट और दो बच्चे 12 घंटे विंग पर बिताने के बाद बचाए गए
अलास्का में एक विमान दुर्घटना के बाद पायलट और दो बच्चे लगभग 12 घंटे तक बर्फीली झील में डूबे हुए विमान के विंग पर फंसे रहे। एक व्यक्ति की उन पर नजर पड़ने के बाद उन्हें बचा लिया गया।

टैरी गोडेस ने सोशल मीडिया पर लापता विमान की तलाश की अपील देखी और सोमवार सुबह तलाशी अभियान में निकले। उन्होंने टस्टुमेना झील में विमान का मलबा देखा और जैसे-जैसे करीब पहुंचे, उन्होंने देखा कि तीन लोग विंग पर जिंदा और हिलते-डुलते नजर आ रहे थे। इसके बाद अलास्का नेशनल गार्ड ने उन्हें बचाया। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई। अधिकारियों का कहना है कि ठंडी रात में इतने लंबे समय तक जीवित रहना किसी चमत्कार से कम नहीं है।

इस्राइली हमले में सीरिया में छह की मौत 
दक्षिण-पश्चिमी सीरिया के कोयैया गांव में मंगलवार को इस्राइली हमले में छह लोगों की मौत हो गई। सीरियाई विदेश मंत्रालय ने इसे नागरिकों की हत्या करार दिया, जबकि इस्राइली सेना ने कहा कि उन्होंने उन बंदूकधारियों पर जवाबी हमला किया है, जिन्होंने उन पर पहले गोली चलाई थी।  

स्थानीय लोगों और सीरियाई पर्यवेक्षकों के मुताबिक, इस्राइली सैनिकों ने गांव में घुसने की कोशिश की, जिसके बाद नागरिकों और सैनिकों के बीच संघर्ष हुआ। इस दौरान कई लोग घायल हुए, जिनमें एक महिला भी शामिल है। सीरिया ने इस हमले को उसकी संप्रभुता का उल्लंघन बताया और कहा कि यह उसके नागरिकों को उनके अधिकारों की रक्षा से नहीं रोक सकता।

ट्रंप प्रशासन को नए शरणार्थियों का प्रवेश रोकने की अनुमति
अमेरिका की एक अपीलीय अदालत ने मंगलवार को ट्रंप प्रशासन को नए शरणार्थियों के प्रवेश पर रोक लगाने की अनुमति दी। राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकारी आदेश के खिलाफ कानूनी लड़ाई पर सुनवाई के बाद यह फैसला आया। जिन शरणार्थियों को पहले अमेरिका आने की अनुमति दी जा चुकी है, उन्हें आने की इजाजत होगी। लेकिन नए शरणार्थियों को फिलहाल अमेरिका में प्रवेश नहीं मिलेगा। अपीलीय अदालत ने निचली अदालत के उस फैसले पर रोक लगाई, जिसमें कहा गया था कि ट्रंप ऐसा नहीं कर सकते हैं। 

अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने ड्रग तस्करी को बताया बड़ा खतरा
ट्रंप प्रशासन के खुफिया अधिकारियों ने कांग्रेस (संसद) के सामने गवाही देते हुए अंतरराष्ट्रीय अपराधी गिरोहों, ड्रग और मानव तस्करी को बड़ा खतरा बताया। उन्होंने कहा कि ये समूह पश्चिमी देशों में अशांति और अपराध को बढ़ावा दे रहे हैं। इस सुनवाई के दौरान गलती से लीक हुई सैन्य हमले की योजना का मुद्दा भी उठा। गवाही के दौरान, रिपब्लिकन सीनेट सदस्यों ने ड्रग तस्करी और चीन से आने वाली फेंटानिल पर फोकस किया, जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों ने हमले की लीक हुई योजना के मुद्दे पर ट्रंप प्रशासन को घेरा। डेमोक्रेट नेता मार्क वॉर्नर ने इस लीक को अमेरिकी सुरक्षा के लिए खतरा बताया।

यह सुनवाई ऐसे समय में हुई जब यह खबर आई कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े बड़े अधिकारियों ने गलती से एक पत्रकार को यमन पर सैन्य हमले की योजनाओं से जुड़ी जानकारी भेज दी। इसमें खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और सीआईए निदेशक जॉन रैटक्लिफ शामिल थे। इस चूक को लेकर कई सांसदों ने नाराजगी जताई और इसे प्रशासन की गंभीर लापरवाही बताया।

पाकिस्तान में दो पुलिसकर्मियों की हत्या 
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में मंगलवार को दो अलग-अलग हमलों में दो पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया।  पुलिस ने बताया कि पहला हमला दक्षिण वजीरिस्तान के आजम वरसक इलाके में हुआ, जहां अज्ञात हमलावरों ने घर लौट रहे कांस्टेबल इमरान पर गोली चला दी। दूसरा, हमला लकी मरवत जिले के मीर आलम मंजिवाला गांव में हुआ, जहां हमलावरों ने हेड कांस्टेबल एहसानुल्लाह की हत्या कर दी और कांस्टेबल रफीउल्लाह को घायल कर दिया।

चीन के समर्थन में बयान देने पर ताइवान ने चीनी महिला को देश से निकाला  
ताइवान ने मंगलवार को एक चीनी महिला लियू झेन्या को देश से निकाल दिया, क्योंकि उसने ऑनलाइन पोस्ट में बीजिंग की ताइवान पर कब्जे की सैन्य महत्वाकांक्षा की तारीफ की थी।  लियू झेन्या 'याया इन ताइवान' नाम से सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं। उन पर ताइवान की सामाजिक स्थिरता के लिए खतरा पैदा करने का आरोप लगा। उन्हें ताइवान में रहने के नियमों के उल्लंघन के कारण निर्वासित किया गया। हालांकि, लियू ने आरोपों खारिज किया, लेकिन वकीलों की सलाह पर स्वेच्छा से लौटने की बात कही।

न्यूयॉर्क में बिहार दिवस पर चार प्रवासियों को विशेष सम्मान
‘बिहार दिवस’ मनाने के लिए न्यूयॉर्क में एक विशेष कार्यक्रम के दौरान बिहार की संस्कृति एवं विरासत को सराहा गया। साथ ही राज्य से जुड़े प्रवासी भारतीय समुदाय के 4 विशिष्ट सदस्यों को  सम्मानित किया गया। यह आयोजन बिहार फाउंडेशन यूएसए (ईस्ट कोस्ट), भारतीय वाणिज्य दूतावास और बिहार-झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका के सहयोग से किया गया।

इस अवसर पर महेश कुमार (टाइगर एनालिटिक्स के संस्थापक), डॉ. अभिषेक तिवारी (केपीएमजी’ कंपनी के ग्लोबल हेड ऑफ पीपल), शरद कुमार (बैंक ऑफ अमेरिका के एमडी) और कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रकाश झा को बिहार विश्व गौरव सम्मान दिया गया।  बिहार फाउंडेशन के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने महेश कुमार की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पटना में आईटी क्षेत्र को बढ़ावा देने और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों को अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए व अपनी भूमि के लिए काम करना चाहिए। 

ब्रिटेन ने श्रीलंका के सैन्य कमांडरों समेत चार लोगों पर लगाए प्रतिबंध
ब्रिटेन ने 2009 में लिट्टे के खिलाफ श्रीलंका सरकार के सफल अभियान का नेतृत्व करने वाले सैन्य कमांडरों सहित चार लोगों पर मानवाधिकारों के हनन और उल्लंघन के खिलाफ प्रतिबंध लगाए हैं। इनमें श्रीलंकाई सशस्त्र बलों के पूर्व प्रमुख जनरल शैवेंद्र सिल्वा, पूर्व नौसेना कमांडर वसंथा करन्नागोडा और श्रीलंकाई सेना के पूर्व कमांडर जगत जयसूर्या तथा लिट्टे के उप नेता विनयागमूर्ति मुरलीधरन शामिल हैं। इनकी ब्रिटेन यात्रा रोकने के साथ यहां उनकी संपत्ति जब्त कर ली गई है। ब्रिटिश विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यूके सरकार ने श्रीलंका के गृहयुद्ध के दौरान मानवाधिकारों के गंभीर हनन और उल्लंघन के लिए जिम्मेदार 4 व्यक्तियों पर भी प्रतिबंध लगाए हैं, जिनमें न्यायेतर हत्याएं, यातना और यौन हिंसा शामिल है।

सैमसंग टीवी व्यवसाय बढ़ाने वाले हान का हृदयाघात से निधन
सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के सह-सीईओ हान जोंग-ही (63) का हृदयाघात से निधन हो गया है। कंपनी के टीवी व्यवसाय को बढ़ाने का श्रेय उन्हीं को जाता है। हान 2022 में दक्षिण कोरिया की सबसे बड़ी कंपनी सैमसंग के सीईओ बने थे।

श्रीलंका : क्रिकेट मैच फिक्सिंग में भारतीय नागरिक को कारावास
श्रीलंकाई शहर मटाले में हाईकोर्ट ने मंगलवार को एक भारतीय नागरिक योगी पटेल को 2024 में क्रिकेट मैच फिक्सिंग मामले में चार साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। कैंडी में खेले गए लीजेंड्स लीग टी-20 टूर्नामेंट में मैच फिक्स करने के प्रस्ताव को लेकर श्रीलंकाई चयनकर्ताओं के अध्यक्ष उपुल थरंगा की शिकायत के बाद योगी पटेल पर कार्रवाई हुई थी। प्रतिबंध के बावजूद देश से भागे पटेल पर यह मुकदमा उसकी अनुपस्थिति में चलाया गया।

पाकिस्तान की सख्ती के बावजूद बलोच आंदोलन फैला
बलूचिस्तान प्रांत के मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती के नेतृत्व में राज्य सरकार ने सरकार विरोधी गतिविधियों में शामिल सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का फैसला किया है। सरकार ने कहा, वह शासन विरोधी प्रचार और सक्रियता में शामिल लोगों को निशाना बनाएगी। इस बीच, क्षेत्र में बलोचों के खिलाफ जारी हिंसा को सरकारी समर्थन के विरोध में बलोच यकजेहती समिति (बीवाईसी) की हड़ताल मंगलवार को ग्वादर व अन्य तटीय शहरों में भी फैल गई।

राज्य में सभी व्यवसाय, बैंक, दुकानें और पेट्रोल पंप, महरंग बलूच, बेबो बलूच व सम्मी दीन बलूच सहित सभी बीवाईसी महिला नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों और गिरफ्तारी के विरोध में बंद रहे। ग्वादर से 270 किमी दूर ओरमारा शहर में व्यापारी संघ ने पूर्ण बंद हड़ताल की। एक अन्य तटीय शहर पसनी में भी दुकानें बंद रहीं। उधर, सीएम सरफराज बुगती ने कहा, सरकार विरोधी गतिविधियों में लिप्त लोगों को चौथी अनुसूची में शामिल कर कड़ी निगरानी में रखा जाएगा। 

ब्राजील : सामूहिक कब्र के पीड़ितों के परिवारों से शासन ने मांगी माफी
ब्राजील शासन ने देश में सैन्य तानाशाही के शिकार लोगों के परिवारों से माफी मांगी है। इन परिवार के स्वजनों के अवशेष 35 साल पहले एक गुप्त सामूहिक कब्र में पाए गए लोगों में से होने की आशंका है। दर्जनों परिवार अभी भी यह जानने के इंतजार में हैं कि क्या उनके माता-पिता, बच्चे, भाई-बहन और दोस्त 1990 में पेरू के अलग-थलग जिले में साओ पाउलो कब्रिस्तान की एक खाई में पाए गए 1,000 से अधिक नीले बैगों में से किसी एक में हैं।

1985 में 21 साल के सैन्य शासन की समाप्ति के बाद ब्राजील के अधिकारियों द्वारा खोजी गई कई सामूहिक कब्रों में से यह पहली थी। डोम बोस्को कब्रिस्तान में गुप्त कब्र में कई अज्ञात लोगों के अवशेष भी थे, जिनका ब्राजील की तानाशाही के खिलाफ लड़ाई से कोई संबंध नहीं था। आधिकारिक माफी, अभियोजकों और परिवार के सदस्यों तथा शासन के बीच एक समझौते का हिस्सा है। यह सत्य के अधिकार दिवस के दौरान हुआ, जिसे अन्य देशों में भी मनाया जाता है। मानवाधिकार मंत्री मैके इवारिस्टो ने कहा, ब्राजील सरकार पेरू में पाए गए बैग और हड्डियों की पहचान करने में लापरवाही बरत रही है। 

ट्रंप प्रशासन के खिलाफ कोर्ट के फैसलों से नाराज रिपब्लिकन सांसद
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के खिलाफ लगातार आ रहे अदालती फैसलों से नाराज रिपब्लिकन पार्टी के सांसद न्यायपालिका पर लगाम लगाने की कोशिश कर रहे हैं। वे अदालतों के अधिकार सीमित करने, उनकी फंडिंग में कटौती करने और कुछ जजों को हटाने जैसे प्रस्ताव ला सकते हैं। प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन पार्टी के नेता जल्द ही ऐसे कदम उठाने पर विचार कर रहे हैं, जिससे अदालतें ट्रंप प्रशासन के फैसलों को बार-बार न रोक सकें। कई मामलों में अदालतें प्रशासन के फैसलों को अवैध मान रही हैं, जिसमें सरकारी कर्मचारियों की बर्खास्तगी, फंड रोकना और लंबे समय से चल रहे दफ्तरों को बंद करना शामिल है।  

अमेरिका: आयोवा में स्कूल पुस्तक प्रतिबंध कानून पर फिर लगी अस्थायी रोक
आयोवा में स्कूल लाइब्रेरी में यौन सामग्री वाली किताबों पर प्रतिबंध लगाने वाले कानून को फिर से अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज स्टीफन लोचर ने मंगलवार को इस कानून के एक महत्वपूर्ण हिस्से को दोबारा रद्द कर दिया, जिससे राज्य सरकार के खिलाफ मुकदमा करने वाले प्रमुख प्रकाशकों को राहत मिली। यह कानून 2023 में रिपब्लिकन पार्टी के बहुमत वाली विधानसभा और गवर्नर किम रेनॉल्ड्स द्वारा पारित किया गया था, लेकिन अदालत ने पहले भी इसे अस्थायी रूप से रोक दिया था। हालांकि, अगस्त 2024 में अपील अदालत ने इस रोक को हटा दिया था। अब एक बार फिर अदालत ने इस पर अस्थायी रोक लगा दी है।

जून में शुरू होगा बोइंग के खिलाफ आपराधिक मामला
टेक्सास की एक संघीय अदालत ने बोइंग के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामले की सुनवाई जून में शुरू करने का आदेश दिया है। दरअसल, बोइंग कंपनी पर आरोप है कि उसने विमान के सुरक्षा फीचर्स और पायलट ट्रेनिंग से जुड़ी अहम जानकारियां नियामकों (एफएए) से छिपाईं। इसके चलते दो बड़ी दुर्घटनाएं हुईं— 2018 में इंडोनेशिया और 2019 में इथियोपिया, जिनमें कुल 346 लोग मारे गए। अब इस धोखाधड़ी के मामले में अमेरिकी सरकार बोइंग पर आपराधिक मुकदमा चला रही है।

टेक्सास वॉलमार्ट गोलीकांड के दोषी को मौत की सजा से बचने का प्रस्ताव
टेक्सास के एल पासो शहर में 2019 में एक वॉलमार्ट में नस्लीय हमले में 23 लोगों की हत्या करने वाले पैट्रिक क्रूशियस को मौत की सजा से बचने के लिए एक समझौते का प्रस्ताव दिया गया है। जिला अटॉर्नी जेम्स मोंटोया ने मंगलवार को बताया कि अगर वह यह प्रस्ताव स्वीकार कर लेता है, तो उसे मौत की सजा नहीं दी जाएगी।

हंगरी में LGBTQ+ प्राइड बैन के खिलाफ प्रदर्शन
बुडापेस्ट में हजारों लोगों ने उस नए कानून के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसने LGBTQ+ प्राइड आयोजनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह नया कानून सार्वजनिक सभाओं पर भी सख्ती करता है, जिससे लोगों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रभावित हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने 'लोकतंत्र' और 'सभा मौलिक अधिकार है' के नारे लगाए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन विरोध जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों और तीन पुलों को जाम किया। 

नेपाल: बिजली प्राधिकरण के प्रमुख की बहाली को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प
नेपाल की राजधानी काठमांडू में निलंबित बिजली प्राधिकरण के प्रमुख कुलमान घिसिंग की बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हो गई। सोमवार शाम को कुलमान घिसिंग के निलंबन के बाद काठमांडू में कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हुए। संसद के पास प्रदर्शनकारियों ने जब प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने की कोशिश की, तो पुलिस से उनकी झड़प हो गई।

पहले से कहीं ज्यादा मजबूत अमेरिका की सुरक्षा: डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि देश की राष्ट्रीय सुरक्षा पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है। उन्होंने कहा, हमने उस क्षेत्र (यमन) में सफल हमले किए हैं। ये वो लोग (हूती विद्रोही) हैं, जो जहाजों को पानी में ही मार गिराते हैं और जो भी चीज वहां से गुजरती है, उस पर हमला कर देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान की कोई भी जानकारी लीक नहीं हुई।  ट्रंप ने 'द अटलांटिक' पत्रिका की आलोचना करते हुए कहा कि कोई भी उसकी परवाह नहीं करता। उन्होंने सांसद माइक वॉल्ट्ज की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे अच्छा काम कर रहे हैं और आगे भी जारी रखेंगे। वहीं, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार वॉल्ट्ज ने पत्रकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि कई पत्रकार झूठी खबरें फैलाकर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार यह जांच कर रही है कि एक विशेष पत्रकार कमरे तक कैसे पहुंचा। वॉल्ट्ज ने ट्रंप की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि जो बाइडन के कार्यकाल में वैश्विक शिपिंग ठप पड़ गई थी, लेकिन अब राष्ट्रीय सुरक्षा टीम पूरी तरह तालमेल के साथ काम कर रही है। 

आग बुझाते हुए हादसे का शिकार हुआ हेलीकॉप्टर, क्रैश

दक्षिण  कोरिया में एक हेलीकॉप्टर जंगल में लगी आग बुझाते हुए हादसे का शिकार हो गया और क्रैश हो गया। घटना दक्षिण कोरिया के उइसियोंग कस्बे की है। कोरिया के वन विभाग ने बताया कि हादसे के वक्त हेलीकॉप्टर में एक पायलट ही मौजूद था। बचाव कार्य जारी है। दक्षिण कोरिया के दक्षिणी इलाकों में इन दिनों भीषण आग लगी हुई है, जिसमें अब तक कम से कम 18 लोगों की मौत हुई है और 200 से ज्यादा मकान और अन्य ढांचे तबाह हो चुके हैं। 

 

पेरू में अप्रैल 2026 में होंगे आम चुनाव, राष्ट्रपति का एलान

दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में आम चुनावों का एलान कर दिया गया है। पेरू की राष्ट्रपति दिना बोलआर्ते ने मंगलवार को अप्रैल 2026 में देश में अगले आम चुनाव कराने का एलान कर दिया। हालांकि उन्होंने ये नहीं बताया कि वे चुनाव लड़ेंगी या नहीं। बोलआर्ते की लोकप्रियता इन दिनों पेरू में लगातार कम हो रही है। उन्होंने कहा कि आम चुनाव में देश नए राष्ट्रपति, 130 डिप्टी और 60 सीनेटर्स का चुनाव करेगा। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव लोकतांत्रिक, पारदर्शी और व्यवस्थागत होंगे। 
 

नेपाल में 10 मंजिला इमारत में लगी आग, सात घायल; 11 बचाए गए
पूर्वी नेपाल के एक कस्बे में बुधवार को एक बहुमंजिला व्यावसायिक परिसर में लगी आग में सुरक्षाकर्मियों समेत सात लोग घायल हो गए, जबकि 11 लोगों को इस दौरान बचा लिया गया। जानकारी के मुताबिक, इटाहारी उप-महानगरीय शहर के मुख्य चौक पर मौजूद सेंट्रल प्लाजा मॉल में लगी आग को बुझाने के लिए 12 दमकल गाड़ियां भेजी गईं। बचाव कार्य करने और आग पर काबू पाने के लिए नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाली सेना के करीब 300 कर्मियों को लगाया गया।

आग लगने का सही कारण पता नहीं चल सका है, हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग 10 मंजिला इमारत की पांचवीं और छठी मंजिल पर मौजूद एक रेस्तरां से शुरू हुई थी। पुलिस के अनुसार, आग बुझाने के दौरान पांच सुरक्षाकर्मियों समेत सात लोग घायल हो गए, जबकि 10 मंजिला इमारत में फंसे तीन लोगों को सेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से बचाया गया। पुलिस ने बताया कि आठ अन्य लोगों को रस्सियों की मदद से बचाया गया।

IDF ने गाजा शहर के कुछ हिस्सों को खाली करने का दिया आदेश

इस्राइली सेना ने हमास के खिलाफ अपने नए हमले को तेज करते हुए गाजा शहर के कुछ हिस्सों को खाली करने का आदेश दिया है। बुधवार को जारी किए गए नए आदेश जीतून, तेल अल-हवा और अन्य इलाकों पर लागू होते हैं, जहां इस्राइली सेना ने 17 महीने के युद्ध के दौरान पिछले ऑपरेशन किए हैं। सेना ने कहा कि वह जल्द ही क्षेत्र से रॉकेट फायर का जवाब देगी और निवासियों को दक्षिण की ओर जाने का आदेश दिया। पिछले सप्ताह इस्राइल ने हमास के साथ अपने युद्धविराम को समाप्त कर दिया था, जब उसने हमलों की एक आश्चर्यजनक लहर शुरू की थी जिसमें सैकड़ों फलस्तीनी मारे गए थे। इस्राइल ने तब तक सैन्य दबाव बढ़ाने की कसम खाई है जब तक कि आतंकवादी शेष 59 बंधकों को वापस नहीं कर देते - जिनमें से 24 के जीवित होने का अनुमान है। इस्राइल ने यह भी मांग की है कि हमास निरस्त्र हो जाए और अपने नेताओं को निर्वासन में भेज दे। हमास ने कहा है कि वह स्थायी युद्धविराम और गाजा से इस्राइल की पूर्ण वापसी के बिना शेष बंधकों को रिहा नहीं करेगा।

भारतीय मूल की शोहिनी सिन्हा को एफबीआई में मिला महत्वपूर्ण पद
ग्वांतानामो बे नेवल बेस में अस्थायी असाइनमेंट पर काम करने वाले भारतीय मूल की शोहिनी सिन्हा को संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए पीड़ित सेवा प्रभाग के सहायक निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है। शोहिनी सिन्हा 2001 में एक विशेष एजेंट के रूप में एफबीआई में शामिल हुईं थीं। उन्हें सबसे पहले मिल्वौकी फील्ड ऑफिस में नियुक्त किया गया था, जहां उन्होंने आतंकवाद विरोधी जांच में काम किया। एफबीआई में अपनी नौकरी से पहले, सिन्हा ने एक चिकित्सक के रूप में और बाद में एक निजी, गैर-लाभकारी क्लिनिक के लिए प्रशासक के रूप में काम किया। उन्होंने इंडियाना में पर्ड्यू विश्वविद्यालय से मनोविज्ञान में स्नातक की डिग्री और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श में मास्टर डिग्री की है।

पाकिस्तानी सेना में बगावत...जूनियर अधिकारियों ने मांगा आर्मी चीफ का इस्तीफा
आतंकवाद और आर्थिक मोर्चों पर जूझ रहे पाकिस्तान के सामने एक और संकट मंडराने लगा है। पाकिस्तानी आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर के खिलाफ सेना के ही जूनियर अधिकारियों ने बगावत कर दिया है। पाकिस्तानी सेना के जूनियर अफसरों ने मुनीर को चिट्ठी लिखकर इस्तीफा देने को कहा है। जूनियर अफसरों ने कहा, या तो मुनीर इस्तीफा दें नहीं तो परिणाम भुगतें।

पत्र में मुनीर से इतना तक कह दिया गया है कि उनका समय खत्म हो गया है। चिट्ठी में सेना के राजनैतिक उत्पीड़न और व्यक्तिगत प्रतिशोध में बदलने का आरोप लगाया गया है। सूत्रों के अनुसार यह पत्र पाकिस्तानी सेना के ही कुछ कर्नल, कैप्टन और जवानों ने लिखा है। आर्मी चीफ के पास पत्र पहुंचते ही पाकिस्तान में हड़कंप मच गया। मुनीर को पत्र में 1971 की हार की भी याद दिलाई गई, जब पाक को करारी हार का सामना करना पड़ा था और फिर बांग्लादेश बना था। अधिकारियों ने मुनीर पर राजनीतिक असहमति को दबाने, पत्रकारों को चुप कराने, लोकतांत्रिक ताकतों को कुचलने व सेना की प्रतिष्ठा को खत्म करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इसमें पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को हटाने के बाद हुई हिंसक कार्रवाई, 2024 के चुनावों में गड़बड़ी आदि का भी जिक्र किया गया है।
 
विज्ञापन

लिथुआनिया में लापता हुए चार अमेरिकी सैनिक मारे गए- नाटो महासचिव

लिथुआनिया में लापता हुए चार अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं। नाटो महासचिव मार्क रूटे ने इसकी जानकारी दी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें