अमेरिका के लॉस एंजिलिस में सैर करने के दौरान एक बुजुर्ग सिख पर बेरहमी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमला कितना घातक है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि खोपड़ी की हड्डी टूट गई है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल पुलिस इसे 'घृणा अपराध' का मामला नहीं मान रही है। जानिए पूरा मामला
अमेरिका के लॉस एंजिलिस में एक बुजुर्ग सिख पर बेरहमी से हमला किया गया। बेघर हमलावर ने बुजुर्ग की खोपड़ी की हड्डी तोड़ दी, जिससे शायद उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ है। हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन पुलिस इसे घृणा अपराध नहीं मान रही है।
विज्ञापन
लॉस एंजिलिस के एक गुरुद्वारे के पास चार अगस्त को हरपाल सिंह (70) पर एक बेघर व्यक्ति बो रिचर्ड विटाग्लियानो ने उस समय हमला कर दिया था जब वह सैर कर रहे थे। लॉस एंजिलिस पुलिस विभाग ने मंगलवार को एक बयान में बताया कि विटाग्लियानो (44) को सिंह पर क्रूर हमला करने के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया गया। उस पर घातक हथियार से हमला करने का मामला दर्ज किया गया है और उसकी जमानत के लिए 11 लाख डॉलर की राशि तय की गई है।
मारपीट देखप्रत्यक्षदर्शियों ने शोर मचाया, ब्रेन हैमरेज की आशंका
पुलिस ने कहा, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सिंह व विटाग्लियानो के बीच मारपीट हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि वे यह नहीं देख पाए कि झगड़ा कैसे शुरू हुआ, लेकिन उन्होंने बहुत तेज शोर सुना और फिर दो लोगों को एक-दूसरे पर धातु की वस्तुएं फेंकते देखा। उसने बताया कि जब प्रत्यक्षदर्शियों ने शोर मचाकर हस्तक्षेप किया तो विटाग्लियानो अपनी साइकिल से भाग निकला। लॉस एंजिलिस अग्निशमन विभाग के चिकित्सा कर्मी ने तुरंत कार्रवाई की और सिंह को पास के एक अस्पताल पहुंचाया। वहां उन्हें खोपड़ी की हड्डी टूटने और ब्रेन हैमरेज की आशंका के कारण भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जाती है।
विज्ञापन
संदिग्ध हिरासत में लिया गया, 'घृणा अपराध' पहलू पर पुलिस का बयान
पैरोकार समूह द सिख कोलिशन ने कहा कि सिंह पर हुए क्रूर हमले के आरोप में संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है, लेकिन पुलिस इस मामले की घृणा अपराध के तौर पर जांच नहीं कर रही। सिंह के भाई डॉ. गुरदयाल सिंह रंधावा ने कहा, हमें इस हमले को बेहतर ढंग से समझने की जरूरत है। हमें यह भी समझने की जरूरत है कि इसे घृणा अपराध क्यों नहीं माना जा रहा है।