अबूधाबी के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान ने भारत के अग्रणी कारोबारी युसूफ अली एमए को शीर्ष सरकारी व्यावसायिक निकाय का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह संगठन यूएई की राजधानी अबूधाबी से होने वाले सारे व्यावसायिक कारोबार का शीर्ष सरकारी संगठन है। इसके 29 सदस्यीय निदेशक मंडल में शामिल युसूफ अली एकमात्र भारतीय सदस्य हैं।
केरल में पैदा हुए 65 साल के यूसुफ अली अबु धाबी स्थित लू लू ग्रुप के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक हैं। यह ग्रुप कई देशों में हाइपर व रिटेल मार्केट संचालित करता है। क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद ने अबूधाबी चेंबर आफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एडीसीसीआई ) के नए निदेशक मंडल को मंजूरी दी है। इसका अध्यक्ष अब्दुल्ला मोहम्मद अल मजरूई को तो युसूफ अली को उपाध्यक्ष बनाया गया है।
गर्व का क्षण: युसूफ अली
एडीसीसीआई का उपाध्यक्ष बनाए जाने पर युसुफ अली ने कहा कि यह जीवन का 'बहुत विनम्र और गर्व का क्षण' है। इस महान देश के दूरदर्शी नेतृत्व के प्रति मेरी हार्दिक कृतज्ञता प्रकट करता हूं। मुझे सौंपी गई महान जिम्मेदारी को सही साबित करने के लिए मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगा। अबू धाबी अर्थव्यवस्था और बड़े व्यापारिक समुदाय के विकास के लिए काम करने के अलावा, मैं भारत-यूएई व्यापार संबंधों को और बढ़ावा देने के लिए ईमानदारी से काम करूंगा।'
अप्रैल में दिया गया सर्वोच्च सम्मान
युसूफ अली एमए को इसी साल अप्रैल में क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद ने अबूधाबी के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा था। फोर्ब्स पत्रिका द्वारा जारी दुनिया के रईसों की सूची में यूसुफ अली एमए भी हैं। करीब 4.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ वे यूएई के सबसे अमीर एनआरआई हैं।