अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने रविवार को अचानक इस्राइल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक पहुंचे। उच्चस्तरीय सुरक्षा के बीच उनका यह औचक दौरा चर्चा का केंद्र बना हुआ है। इस दौरान उन्होंने फलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास से मुलाकात की। यहां सात अक्तूबर से गाजा में इस्राइल-हमास युद्ध की वजह से हालात बिगड़ गए थे। युद्ध शुरू होने के बाद से ब्लिंकन ने इस्राइल का दौरा किया था। हालांकि, वेस्ट बैंक की यह उनकी पहली यात्रा है।
यह मुलाकात गाजा पट्टी में त्रासदी झेल रहे नागरिकों को राहत पहुंचाने और युद्ध के बाद देश की रूपरेखा तैयार करने की पहल मानी जा रही है। ब्लिंकन ने गाजा में शरणार्थी शिविर पर हमले के कुछ ही देर पहले सेना की बख्तरबंद गाड़ी में रामल्ला का भी दौरा किया।
इससे पहले इस्राइल ने अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन की तरफ से मानवीय मदद के लिए अल्पकालीन युद्धविराम के प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया है। उधर, इस्राइली सेना ने युद्ध की शुरुआत से लेकर अबतक गाजा में 2,500 ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है।
फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, मध्य गाजा स्थित मागजी शरणार्थी शिविर पर इस्राइल ने रातभर हवाई हमले किए। इसमें 40 लोग मारे गए, जबकि 34 घायल हुए। मारे गए लोगों में आठ बच्चे शामिल हैं। मंत्रालयन ने बताया कि इस्राइली हमले में अबतक 9,700 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं, जिनमें 4,800 बच्चे शामिल हैं। युद्ध बढ़ने के साथ इनकी संख्या और बढ़ सकती है।
बंधकों की रिहाई तक गाजा में युद्धविराम नहींः नेतन्याहू
इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को युद्धविराम के आह्वान को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि फलस्तीनी आतंकी समूह हमास जबतक बंधक बनाए गए 240 लोगों को छोड़ नहीं देता, तबतक गाजा में युद्धविराम नहीं हो सकता।
गाजा बंधकों की रिहाई के लिए शांति जरूरी: कतर
कतर के विदेश मंत्रालय ने गाजा में शांति के बिना उसके मध्यस्थ वहां बंधक बनाए गए इस्राइलियों की रिहाई के लिए वार्ता नहीं कर सकते। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजेद अल अंसारी ने कहा, बंधकों की रिहाई के लिए शांति चाहिए, जो वहां एक मिनट के लिए भी नसीब नहीं है।