बेटी की खुशी के लिए माता-पिता कितनी कुर्बानियां करते हैं लेकिन हर कुर्बानी कोई ना कोई मिसाल बन जाती है। ठीक ऐसे ही अमेरिका के एक अंतरिक्ष यात्री ने अपनी बेटी की शादी के लिए अंतरिक्ष की यात्रा से खुद को अलग कर दिया है। कमांडर ने अगले साल होने वाले अंतरिक्ष यात्रा में जाने से इनकार कर दिया है ताकि वो अपनी बेटी का शादी में शामिल हो सके।
बोइंग की पहली अंतरिक्ष यात्रा के कमांडर क्रिस फर्गुसन ने कहा कि वह अगले साल होने वाली अपनी बेटी की शादी में शामिल होना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने खुद को अंतरिक्ष यात्रा से अलग कर दिया है। एक वीडियो संदेश में क्रिस ने यह जानकारी दी है।
बता दें कि क्रिस दूसरे यात्री हैं, जिन्होंने इस मिशन यानि यात्रा पर जाने से मना कर दिया है। पिछले साल नासा के अंतरिक्ष यात्री एरिक बोए ने मेडिकल कारणों की वजह से यात्रा पर जाने से मना कर दिया था। हालांकि इन दोनोंं की जगह अब दूसरे अंतरिक्ष यात्रियों ने ले ली है।
बोइंग का स्टारलाइन कैप्सूल पिछले साल दिसंबर में उड़ान भरने वाला था लेकिन सॉफ्टवेयर में दिक्कत होने की वजह से इसकी यात्रा टाल दी गई। अब यह यात्रा इस साल के अंत में या अगले साल की शुरुआत में हो सकती है। क्रिस ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर कहा कि, यह एक मुश्किल फैसला था लेकिन अगला साल मेरे परिवार के लिए बेहद अहम है।
बोइंग के प्रवक्ता ने इस बात की पुष्टि की है कि बेटी की शादी की वजह से ही क्रिस ने अंतरिक्ष यात्रा पर जाने से मना कर दिया है।