अमेरिकी सांसद ने पाकिस्तान से कहा है कि वह तालिबान और अन्य आंतकी समूहों का समर्थन करना बंद करे। यह बयान ऐसे समय पर आया है जब इस्लामाबाद में पाकिस्तानी नेतृत्व के साथ एक दिन पहले मुलाकात हुई है। सांसद मैगी हसन पाकिस्तान की यात्रा खत्म करके भारत पहुंची हैं। वह यहां भारतीय नेतृत्व के साथ बैठक करेंगी।
हसन ने कहा, 'अफगानिस्तान को स्थिर करने, आतंकवाद के खिलाफ मजबूत प्रयासों में शामिल होने और वैश्विक अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में पाकिस्तान की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।' अमेरिकी सांसद हसन और क्रिस वैन होलेन ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान, सेनाध्यक्ष जनरल कमर जावेद बाजवा और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के अधिकारियों से मुलाकात की।
हसन ने कहा, 'महत्वपूर्ण पाकिस्तानी नेताओं के साथ चर्चा करना उपयोगी था ताकि आतंकवादी हमलों और आतंकवादी विचारधारा के प्रसार को रोकने के लिए क्या किया जा सकता है इसपर बात हो सके। हमारे लिए पाकिस्तान के वरिष्ठ नेतृत्व से सीधे संवाद करना महत्वपूर्ण था ताकि उन्हें तालिबान और अन्य आतंकवादी समूहों का समर्थन करना बंद करने के लिए कहा जा सके।'
उन्होंने आगे कहा, कश्मीर में जारी तनाव के बीच यह महत्वपूर्ण है कि हम दोनों तरफ की युद्ध की स्थिति को कम करने में मदद करने के तरीके खोजें। हसन और होलेन ने पीओके की यात्रा की ताकि असल परिस्थितियों को देखा जा सके, स्थिति को सामान्य करने पर जोर देने, भारत को कर्फ्यू हटाने, कैदियों को रिहा करने और संचार माध्यमों को बहाल करने के लिए कहा जा सके।
भारत में हसन महत्वपूर्ण राजनेता और उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगी। इसके अलावा अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों से कश्मीर की स्थिति, भारत अमेरिकी रिश्तों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को लेकर चर्चा करेंगी। दोनों सांसदों ने अफगानिस्तान की भी यात्रा की और राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार अब्दुल्ला यामीन और बहुत सी अफगान महिला अधिकारियों से बात की। जिन्होंने तालिबान के साथ बातचीत में संघर्षग्रस्त देश का प्रतिनिधित्व किया था।