चुनावी पोल में महिलाओं, अश्वेत लोगों, युवा मतदाताओं, बुजुर्गों और खासतौर पर नए मतदाताओं का रुख ट्रंप के खिलाफ आंका गया है। पोल के मुताबिक, बिडेन उन मतदाताओं में पहले ही बड़ी बढ़त बना चुके हैं, जो डाक के जरिये या निजी वोटिंग के जरिये अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।
बिडेन 2008 के बाद सबसे मजबूत उम्मीदवार
अमेरिका के पूरे निर्वाचन नक्शे पर देखा जाए तो जो बिडेन का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है और उन्हें 2008 के बाद चुनावी दिन के लिए राष्ट्रपति पद के किसी भी अन्य उम्मीदवार के मुकाबले सबसे मजबूत स्थिति में माना जा रहा है।
इससे पहले 2008 में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बराक ओबामा ने वैश्विक आर्थिक मंदी के बीच 365 इलेक्ट्रॉल कॉलेज वोट के साथ व्हाइट हाउस कब्जाया था और उस समय बिडेन उनके साथ खड़े थे।
सीएनएन के सर्वे में भी बिडेन आगे
अमेरिकी टीवी चैनल सीएनएन के ताजा सर्वे में भी विस्कांसिन और मिशिगन में जो बिडेन बढ़त बनाए हुए हैं। यदि 2016 में यहां ट्रंप की अप्रत्याशित जीत को छोड़ दिया जाए तो ये दोनों राज्य डेमोक्रेटिक पार्टी के मजबूत गढ़ माने जाते हैं।
अलग-अलग मीडिया संस्थानों और थिंक टैंक्स की सर्वेक्षणों का औसत प्रकाशित करने वाली वेबसाइट रियलक्लियरपॉलिटिक्स.कॉम ने भी बिडेन को ही बढ़त पर दिखाया है। वेबसाइट के मुताबिक, ओवरऑल मतदाताओं में ट्रंप के 43.5 फीसदी के मुकाबले 51.3 फीसदी मतदाता बिडेन के पक्ष में हैं। बिडेन को 7.8 प्रतिशत की बढ़त हासिल है।