ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर दुनिया सकते में हैं। सभी देश इसके संभावित खतरे से बचने के लिए फिर से अपनी सीमाओं को बंद कर रहे हैं। इस बीच एक राहत देने वाली खबर सामने आई है। अमेरिकन फार्मा कंपनी मॉडर्ना ने रविवार को दावा किया है कि वह 2022 तक ओमिक्रॉन वैरिएंट के लिए कोरोना वैक्सीन को तैयार करेगा। दरअसल, मॉडर्ना कोविड-19 वैक्सीन बनाने वाली विश्व की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है। मॉडर्ना के मुख्य चिकित्साधिकारी पॉल बर्टन ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि हम मौजूदा वैक्सीन की क्षमताओं का आगामी कुछ सप्ताह मे परीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर हमें एक नया टीका बनाना है तो 2022 की शुरुआत में यह बड़ी मात्रा में उपलब्ध होने वाला है।
वैरिएंट खतरनाक है, लेकिन हमारे पास वैक्सीन मौजूद
पॉल बर्टन ने कहा कि कोरोना काफी खतरनाक वायरस है और इसका नया वैरिएंट और भी ज्यादा संक्रामक लग रहा है, लेकिन इससे ज्यादा डरने की जरूरत नहीं है। क्योंकि हमारे पास अब कई संसाधन उपलब्ध हैं। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि जिन लोगों ने अभी तक वैक्सीन नहीं ली है, वे तुरंत अपना टीकाकरण करवाएं।
10 देशों में फैल चुका है नया वैरिएंट
कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन अभी तक बोत्सवाना, दक्षिण अफ्रीका, बेल्जियम, इस्राइल, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन समेत दुनिया के दस देशों में फैल चुका है। इसके बाद कई देशों ने अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध लगाने शुरू कर दिए हैं। वहीं इस्राइल ने तो अपनी सीमाओं को पूरी तरह से बंद कर दिया है।
मानव कोशिकाओं के साथ संपर्क में है नया वैरिएंट
शोधकर्ताओं की टीम ने बताया कि ओमिक्रॉन मानव शरीर में प्रोटीन के हर क्षेत्र में मौजूद है और लगातार मानव कोशिकाओं के संपर्क में है। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि यह ज्यादा खतरनाक है या कम। वैज्ञानिकों ने बताया कि यह वैरिएंट डेल्टा या अन्य किसी वैरिएंट की तुलना में कितना खतरनाक है, इसकी जानकारी के लिए और शोध किया जाना बाकी है। उसके बाद ही यह पता चल सकेगा कि यह प्राकृतिक बदलाव हैं या इस पर और कोई चीज असर कर रही है। साथ ही ये कितना खतरनाक है।