टेक्सास के एक संघीय जज ने अपने एक आदेश में अमेरिकी स्वास्थ्य सेवा से जुड़े बहुचर्चित ओबामाकेयर को अमान्य ठहराते हुए इसे अवैध और असंवैधानिक करार दिया है। जिला जज रीड ओ कोनोर ने 55 पन्नों के आदेश में कहा कि पिछले साल के कर कटौती विधेयक ने कवरेज न रहने पर जुर्माना खत्म करके ओबामाकेयर के संवैधानिक आधार पर प्रहार किया था।
न्यायाधीश कोनोर ने कहा कि इस प्रावधान को शेष कानून से अलग नहीं किया जा सकता है। यही कारण है कि यह ओबामाकेयर विधि सम्मत नहीं है। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के शासन में लाए गए इस विधेयक के समर्थकों ने कहा कि वे इस फैसले के खिलाफ अपील करेंगे। कैलिफोर्निया के अटार्नी जनरल जेवियर बेसेरा ने कहा, ‘यह दिग्भ्रमित फैसला हमें डरा नहीं सकता। हमारा गठबंधन सभी अमेरिकी नागरिकों के स्वास्थ्य और खैरियत के लिए अदालती लड़ाई जारी रखेगा।’ बेसेरा ओबामाकेयर कानून के बचाव में उतरे राज्यों के गठबंधन का नेतृत्व कर रहे हैं।
उधर, व्हाइट हाउस ने जज के आदेश की सराहना की है। इसके साथ ही राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि ‘अपील की प्रक्रिया तक कानून यथावत बना रहेगा।’ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट किया कि अमेरिकी संसद कांग्रेस को नया कानून पारित करना चाहिए। अदालती आदेश के बाद ट्रंप ने ट्वीट किया, ‘जैसा कि मैं कहता आया हूं ओबामाकेयर को असंवैधानिक बताकर निरस्त कर दिया गया है।’