लॉस ऐंजिलिस पुलिस ने प्लेबॉय मॉडल डेनी मैदर्स पर 'शर्मसार करने वाली तस्वीर खींचने' का मामला दर्ज किया है। डेनी ने जिम लॉकर में एक बुज़ुर्ग महिला की तस्वीर उतारी थी। 70 साल की यह महिला कपड़े बदल रही थीं। तस्वीर जुलाई महीने में बिना उनकी सहमति के ली गई थी।
डेनी ने इस तस्वीर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट पर पोस्ट कर दिया था। इस फोटो की बगल में खुद डेनी भी हैं। उन्होंने इस पोस्ट का कैप्शन लिखा था, "यदि इसे मैं अनदेखा नहीं कर पाई तो आप भी नहीं कर पाएंगे।" डेनी पर निजता में दखल देने का आरोप लगा है। यदि उन्हें इस मामले में दोषी ठहराया जाता है, तो 6 महीने की सजा और 1000 डॉलर का जुर्माना लगाया जा सकता है।