पाकिस्तान ने अपने देश में भारत की कथित ‘दखलअंदाजी’ से जुड़ा एक डोजियर संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के नए महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को सौंपा। पाक ने यह दस्तावेज सौंपते हुए वैश्विक संस्था से कहा है कि वह भारत को ऐसी गतिविधियों में शामिल होने से ‘रोकने’ में अपनी भूमिका निभाए।
‘पाकिस्तान में भारत की दखलअंदाजी और आतंकवाद’ पर यह डोजियर संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की स्थायी प्रतिनिधि मलीहा लोधी ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के साथ मुलाकात के दौरान उन्हें सौंपा। इस डोजियर के साथ उन्होंने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज की ओर से लिखा एक पत्र भी सौंपा।
गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन डुजैरिक ने कहा कि बैठक पाकिस्तान की दूत के अनुरोध पर आयोजित की गई। जब उनसे बैठक में चर्चा के विषयों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का ‘कोई संकेत’ नहीं मिला है कि बैठक में किस विषय पर चर्चा हुई।