अमेरिका ने पाकिस्तान से कहा है कि वह 26/11 के आतंकी हमले की जांच में भारत का सहयोग करे। उसने पाक से यह भी कहा है कि वह अपनी धरती से संचालित सभी आतंकी गुटों का खात्मा करे।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के उप प्रवक्ता मार्क टोनर ने बृहस्पतिवार को कहा कि हम पाकिस्तान की सरकार से लगातार कहते आ रहे हैं कि इन हमलों की पूरी जांच में वह भारत सरकार का सहयोग करे।
मुंबई पर हुआ वह हमला बेहद दुखद था। हम चाहते हैं कि इस मामले में न्याय हो। हम आगे भी पाकिस्तान से मामले की जांच में सहयोग करने की अपील करते रहेंगे।