अमरीका में रिपब्लिकन पार्टी ने पिछले आठ वर्षों में पहली बार संसद के दोनों सदनों पर अपना पूरा नियंत्रण कर लिया है। रिपब्लिकन पार्टी ओबामा सरकार की प्रमुख विपक्षी पार्टी है।
हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स यानी प्रतिनिधि सभा में सबसे बड़ी पार्टी के रुप में पहले से ही स्थापित रिपब्लिकन पार्टी ने नवंबर में हुए मध्यावधि चुनावों में सीनेट में भी बहुमत हासिल कर लिया है।
दोनों सदनों में रिपब्लिकन पार्टी के बहुमत में होने से व्हाइट हाउस के साथ एक राजनीतिक संघर्ष की आशंका जताई जा रही है क्योंकि राष्ट्रपति डेमोक्रेट पार्टी से हैं।
ओबामा के कार्यकाल को अभी दो साल बचे हैं और ऐसी परिस्थिति में ओबामा के लिए किसी भी नए नियम को पारित करवाना मुश्किल साबित हो सकता है।
व्हाइट हाउस ने कहा है कि उन्होंने कांग्रेस के दोनों सदनों में रिपब्लिकन और डेमोक्रेट पार्टियों के प्रमुखों को ओबामा से मुलाकत के लिए बुलाया है ताकि आने वाले दिनों में प्रस्तावित टैक्स सुधार और विदेश नीति से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सके।
रिपब्लिकन पार्टी के नेता जॉन बोयनर एक बार फिर प्रतिनिधि सभा के स्पीकर बने हैं। हालांकि पार्टी के कुछ सांसदों ने दूसरे उम्मीदवार को भी वोट दिए थे।