अमेरिका के व्हाइट हाउस के मैदान में रात को उस वक्त हड़कंप मच गया जब यहां ड्रोन या क्वाड कॉप्टर माना जा रहा एक उपकरण मिला। राष्ट्रपति बराक ओबामा के एक प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की है कि एक 'उपकरण' मिला है, लेकिन इससे तत्काल कोई खतरा नहीं था ।
ड्रोन मिलने से व्हाइट हाउस का यह इलाका कई घंटे तक बंद कर दिया गया। पिछले कुछ समय से अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की इस बात के लिए आलोचना हो रही है कि कई मामलों में उससे चूक हो रही है।
पिछले साल सितंबर में एक व्यक्ति चाकू लेकर व्हाइट हाउस की चारदीवारी फांद कर घुस गया था। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जोस अर्नेस्ट ने कहा, "इस समय ये सोचने का कोई कारण नहीं है कि राष्ट्रपति का परिवार किसी खतरे में है।" राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी बीवी मिशेल आधिकारिक यात्रा पर भारत में हैं। यह पता नहीं चल सका है कि घटना के समय उनकी दोनों बेटियां घर पर थीं या नहीं।