अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल रिपब्लिकन दावेदारों में रियल एस्टेट कारोबारी से राजनेता बने डोनाल्ड ट्रंप काफी बढ़त बनाए हुए हैं। एक नवीनतम सर्वे में कहा गया है कि ट्रंप के पीछे उनके नजदीकी प्रतिद्वंद्वी टेड क्रूज ही हैं, जो उनसे 14 फीसदी पीछे हैं। ट्रंप का नया चुनावी अभियान क्रूज के खिलाफ प्रचार करने पर केंद्रित तो होगा ही साथ में अवैध प्रवासन का भी मुद्दा होगा।
फॉक्स न्यूज ने बताया कि ट्रंप (69) को 34 फीसदी वोटरों के मत मिले हैं, जबकि क्रूज (45) को महज 20 फीसदी लोगों ने समर्थन दिया है। एक और रिपब्लिकन उम्मीदवार फ्लोरिडा के सीनेटर मार्को रूबियो भी वोट पाने के मामले में दहाई के अंक में पहुंचने में कामयाब रहे हैं। उन्हें 11 फीसदी वोट मिले हैं।
सर्वे में बेन कार्सन चौथे स्थान पर हैं, जिन्हें आठ फीसदी वोट मिले। इस महीने की शुरुआत में भी ट्रंप लोकप्रियता के मामले में आगे रहे थे। उन्हें 35 फीसदी मत मिले थे, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी इस बार की तरह ही क्रूज थे, जिन्हें 20 फीसदी मत हासिल हुए थे।