अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को अपने पूर्ववर्ती बराक ओबामा पर चुनाव अभियान के दौरान फोन टेप करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। हालांकि उन्होंने अपने इस दावे के पक्ष में किसी तरह का सबूत नहीं दिया है। रूस के साथ संबंधों को लेकर विवादों में घिरे ट्रंप ने अब ओबामा को निशाने पर लिया है।
वहीं, ट्रंप के इस आरोप पर पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। मगर अंतरराष्ट्रीय न्यूज एजेंसी एएफपी को उनके प्रवक्ता ने कहा कि ओबामा ने किसी भी अमेरिकी नागरिक की निगरानी का आदेश नहीं दिया।
शनिवार को ट्रंप ने कहा, ‘अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से महज एक महीने पहले अक्तूबर में बराक ओबामा मेरा फोन टेप करा रहे थे। ओबामा इतना गिर गए कि जब निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया चल रही थी, तब वह मेरा फोन टेप कराने में जुटे थे।’ उन्होंने इसकी तुलना अमेरिका में 1972 में हुए कुख्यात राजनीतिक स्कैंडल वाटरगेट से कर डाली। इस स्कैंडल के चलते अमेरिकी राष्ट्रपति रिचार्ड निक्सन की सरकार गिर गई थी।