गजा में जारी संघर्ष के बीच अमरीका और यूरोप के नागरिक उड्डयन नियंत्रकों ने एयरलाइंस कंपनियों से इसराइल के लिए हवाई सेवाए स्थगित करने को कहा है। ऐसा सुरक्षा कारणों के चलते किया गया है क्योंकि एक रॉकेट तेल अवीव हवाई अड्डे के पास गिरा था।
अमरीका के संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने डेल्टा, यूनाइटेड और यूएस एयरवेज को 24 घंटे के लिए इसराइल के लिए विमान सेवाएं रोकने को कहा है।
यूरोपियन एविएशन सेफ्टी एजेंसी (ईएएसए) ने भी अपनी एयरलाइंस कंपनियों से तेल अवीव के लिए उडान न भरने को कहा है।
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने अमरीका से इस फैसले की समीक्षा करने की अपील की है। वहीं इसराइल के यातायात मंत्रालय का कहना है कि तेल अवीव का बेन ग्यूरियान हवाई अड्डा पूरी तरह सुरक्षित है।