अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
- फोटो : PTI
अमेरिकी राष्ट्रपति ग्रीनलैंड को खरीदना चाहते हैं। अमेरिकी मीडिया में आई रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने अपने सलाहकारों से पूछा है कि क्या ऐसा संभव है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक ट्रंप डेनमार्क स्वराज्य का हिस्सा ग्रीनलैंड खरीदना चाहते हैं, जो अधिकतम समय बर्फ से ढका रहता है।
इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने मीडिया समूह को बताया कि ट्रंप इस क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों और भू राजनीतिक प्रासंगिकता में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। 57 हजार की आबादी वाला ग्रीनलैंड करीब 7.72 लाख वर्ग मील में फैला हुआ द्वीप है।
हालांकि अभी तक व्हाइट हाउस की ओर से इस मामले पर कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं ट्रंप के कुछ सलाहकारों का मानना है कि ग्रीनलैंड पर अधिकार इस लिहाज से अच्छा हो सकता है कि यह कनाडा के उत्तरपूर्व में है।
वहीं कुछ अन्य सलाहकार इसे सिर्फ राष्ट्रपति ट्रंप की क्षणिक आसक्ति बता रहे हैं। उधर व्हाइट हाउस के बाहर के लोगों का मानना है कि ट्रंप की दिलचस्पी एक विरासत को हासिल करने की इच्छा हो सकती है।