हांगकांग में विपक्षी सांसदों की गिरफ्तारी पर अमेरिका ने सख्त आपत्ति जताई है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस गिरफ्तारी से यह संकेत मिलते हैं कि चीन हांगकांग में लोकतंत्र के खात्मे के लिए एक सोची समझी रणनीति के तहत प्रयास कर रहा है। गिरफ्तार लोगों में 13 पूर्व विधान परिषद के सदस्य, एक अमेरिकी वकील और एक पूर्व कानून के शामिल हैं।
गौरतलब है कि हांगकांग में चीन के राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत छह जनवरी को 50 से ज्यादा सांसदों और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था। हांगकांग में बीते दिनों राष्ट्रीय सुरक्षा कानून को लागू कर 50 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसमें मानवाधिकार मामलों के एक अमेरिकी वकील जॉन क्लेंसी को बाद में अदालत ने जमानत दे दी।
वहीं अब अमेरिका ने हांगकांग में लगाए गए नए कानून को लागू करने में उनकी भूमिका को लेकर चीन व हांगकांग के छह अधिकारियों को नामित किया है। अमेरिका ने इस कार्रवाई पर तीखी आपत्ति भी जताई।
अमेरिकी रिपोर्ट राजनीति से प्रेरित : हांगकांग
हांगकांग सरकार ने अमेरिकी कांग्रेस की रिपोर्ट को राजनीति से प्रेरित बताया है। हांगकांग ने कहा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा कानून अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अनुरूप है। हांगकांग ने कहा अमेरिकी कांग्रेस की रिपोर्ट सच्चाई को प्रतिबिंबित नहीं करती है। कांग्रेस के कार्यकारी आयोग की वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया है कि हांगकांग में एक देश, दो प्रणाली की रूपरेखा को ध्वस्त कर दिया गया है।