बाइडन प्रशासन ने अमेरिकी स्वच्छ ऊर्चा व्यवसायों की रक्षा के लिए चीन से सौर वैफर्स, पॉलीसिलिकॉन और कुछ टंगस्टन उत्पादों पर टैरिफ (आयात शुल्क) बढ़ाने की योजना बना ली है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि के कार्यालय के नोटिस में कहा गया है कि चीनी व्यापार प्रथाओं की समीक्षा के बाद, सौर वेफर्स और पॉलीसिलिकॉन पर टैरिफ 50% तक बढ़ जाएगा और कुछ टंगस्टन उत्पादों पर शुल्क 25% तक बढ़ जाएगा। यह टैरिफ 1 जनवरी से प्रभावी होगा।
यूएसटीआर (अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि) कैथरीन ताइ ने कहा, आज घोषित टैरिफ वृद्धि चीन की हानिकारक नीतियों और प्रथाओं को काफी हद तक रोक कर देगी। यह कार्रवाई स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए अर्थव्यवस्था, महत्वपूर्ण आपूर्ति शृंखलाओं के लचीलेपन को बढ़ाते हुए बाइडन-हैरिस प्रशासन के तहत किए गए घरेलू निवेश का पूरक होगी। पिछले हफ्ते, वाशिंगटन ने उन्नत सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकी तक चीनी पहुंच पर प्रतिबंध कड़े कर दिए। इन सख्त उपायों को लेकर बीजिंग ने गैलियम, जर्मेनियम और एंटीमनी जैसे कंप्यूटर चिप्स बनाने के लिए जरूरी खनिजों के अमेरिका से आयात पर प्रतिबंध लगाकर जवाब दिया। चीन इन सामग्रियों में से अधिकांश के एक बहुत बड़े हिस्से का प्रदाता है। माना जा रहा है कि अमेरिका में 20 जनवरी के बाद डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता में आने के बाद व्यापार युद्ध बढ़ने से पहले ही बाइडन प्रशासन ने चीनी उत्पादों पर सख्ती बढ़ा दी है। इसका नतीजा यह हुआ कि चीन ने भी कुछ उत्पादों पर टैरिफ बढ़ा दिया।
अमेरिका ने टंगस्टन पर 25% टैरिफ बढ़ाने की तैयारी की है। इसके उत्पादन पर चीन का प्रभुत्व है। इसका इस्तेमाल हथियार निर्माण के अलावा एक्स-रे ट्यूब और प्रकाश बल्व फिलामेंट्स के लिए होता है। अमेरिका इसका उत्पादन नहीं करता। ऐसे मूल्य वृद्धि होगी।
टैरिफ वृद्धि की घोषणा के बीच ट्रंप ने शी को बुलाया
अमेरिकी नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को अपने 20 जनवरी को होने जा रहे शपथ समारोह में आने का निमंत्रण दिया है। इसकी जानकारी सीबीएस न्यूज ने सूत्रों के हवाले से करते हुए बताया कि ट्रंप ने चुनाव के तुरंत बाद नवंबर की शुरुआत में ही शी को आमंत्रित किया था। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि चीनी राष्ट्रपति ने निमंत्रण स्वीकार किया है या नहीं। वाशिंगटन में चीनी दूतावास के प्रवक्ता ने तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की। ट्रंप की टीम अमेरिकी संसद भवन में कई विश्व नेताओं की मेजबानी की तैयारी कर रही है। टीम के प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने कहा, विश्व नेता ट्रंप से मिलने की कतार में हैं क्योंकि वे जानते हैं कि वह जल्द ही सत्ता में लौटेंगे और दुनिया भर में अमेरिकी ताकत के माध्यम से शांति बहाल करेंगे।
कनाडा : मानवाधिकार हनन को लेकर चीनी अफसरों पर प्रतिबंध
कनाडा की विदेश मंत्री मेलानी जोली ने मानवाधिकार दिवस पर आठ पूर्व या वर्तमान वरिष्ठ चीनी अधिकारियों के खिलाफ विशेष आर्थिक उपाय विनियम के तहत प्रतिबंधों की घोषणा की। इन प्रतिबंधों में विशेष रूप से शिनजियांग, तिब्बत और फालुन गोंग में गंभीर मानवाधिकारों के दुरुपयोग में शामिल लोगों को लक्षित किया गया। कनाडाई सरकार का निर्णय चीन में प्रणालीगत दमन और दुर्व्यवहार की चल रही रिपोर्टों के जवाब में आया, जिसमें मनमाने ढंग से हिरासत, जबरन श्रम और जातीय और धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा शामिल है। प्रतिबंधों में शिनजियांग के उइगर मुस्लिमों, तिब्बतियों व फालुन गोंग लोगों के साथ चीन सरकार के व्यवहार को बर्बर बताते हुए मानवाधिकारों के उल्लंघन की कड़ी निंदा की गई।