चीनी सरकार और ई-कॉमर्स कंपनियों के बीच चल रही खींचतान में अलीबाबा, टेनसेंट और बैदू जैसी कंपनियों को इन दिनों काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब खबर आ रही है कि अलीबाबा, चीन के सबसे बड़े टीवी ब्रॉडकॉस्ट से भी अपने शेयरों डंप करने की योजना बना रही है। ये शेयर अलीबाबा ने कुछ महीने पहले ही खरीदे थे। मीडिया कंपनी की ओर से जारी किए गए बयान के तहत मैंगो एक्सीलेंट मीडिया में पांच प्रतिशत हिस्सेदारी को अलीबाबा ने बेचने की योजना तैयार की है।
जानकारी के मुताबिक, मैंगो टीवी चीन में अपने विभिन्न कार्यक्रमों के लिए काफी लोकप्रिय है। हुआन ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम में इसकी 56 प्रतिशत हिस्सेदारी है। जारी किए गए बयान में अलीबाबा ने एक साल के अंदर हिस्सेदारी न बेचने के समझौते में छूट की भी मांग की है। ई-कॉमर्स कंपनी ने इसे नौ महीने पहले ही करीब 6.2 बिलियन युआन यानी 960 मिलियन डॉलर में खरीदा था।
मैंगो एक्सीलेंट स्टॉक में अलीबाबा पहले से ही करीब 320 मिलियन डॉलर का नुकसान झेल रही है। हिस्सेदारी बेचने का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब जैक मा की कंपनी अलीबाबा को पिछले एक साल से काफी राजनीतिक दबाव को झेलना पड़ रहा है।