सीरिया के एलेप्पो के बाहरी इलाके में किए गए हवाई हमलों में दक्षिण-पूर्वी उपनगर सफीरा में स्थित कई सैन्य डिपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए है। रूसी मीडिया एजेंसी स्पुतनिक के अनुसार सीरियाई सेना कमान ने इस बात की जानकारी दी है।
कुछ दिन पहले ही इस्राइली सेना के हेलिकॉप्टर ने सीरिया के दक्षिणी हिस्से में मिसाइल हमले किए थे। इससे पहले, सना समाचार एजेंसी ने एलेप्पो के एक वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्र पर एक इस्राइली हमले की सूचना दी थी।
कमान ने कहा कि चार मई को रात 10:32 बजे, दुश्मन के विमान हमारे वायु रक्षा मॉनिटर पर दिखाई दिए। वे उत्तर की ओर से इटारिया की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान सफीरा के क्षेत्र में कई सैन्य डिपो पर हमला किया गया। उन्होंने कहा कि हमारी वायु रक्षा प्रणालियों ने दुश्मन की मिसाइलों को मार गिराया। हमले के परिणामस्वरूप होने वाले नुकसान को निर्दिष्ट किया जा रहा है।
हालांकि इस्राइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने घटना पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। स्पुतनिक की रिपोर्ट के अनुसार, आईडीएफ ने कहा कि वह विदेशी मीडिया रिपोर्टों पर कोई टिप्पणी नहीं करता है।