अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज तालिबान ने उन खबरों को खारिज कर दिया है, जिनमें तालिबान के डिप्टी पीएम मुल्ला अब्दुल गनी बरादर की हत्या होने की बात की जा रही है। इसे साबित करने की कोशिश में तालिबान ने मुल्ला बरादर का एक आडियो भी जारी किया है। इसके अलावा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मुल्ला बरादर कंधार में बैठक कर रहा है। हालांकि इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है।
तालिबान के प्रवक्ता सुहैल शाहीन ने कहा कि राजनीतिक कार्यालय के प्रमुख रहे और डिप्टी पीएम मुल्ला अब्दुल गनी बरादर न तो मरे हैं और न ही घायल हुए हैं। उन्होंने अपना एक आडियो संदेश भी जारी किया है।
इससे पहले मुल्ला बरादर की हक्कानी नेटवर्क के प्रमुख सिराजुद्दीन हक्कानी के साथ झड़प की खबर सामने आई थी। शुरुआत में मुल्ला बरादर को नई सरकार का प्रमुख बनाए जाने की बात सामने आ रही थी। लेकिन बाद में उसे अफगानिस्तान की नई सरकार में उपृप्रधानमंत्री नियुक्त किया गया।
दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि तालिबान गुटों के बीच सत्ता को लेकर संघर्ष की वजह से बरादर की मौत हो गई है।लेकिन उसके बाद से मुल्ला बरादर को सार्वजनिक तौर पर कहीं नहीं देखा गया है।
प्रमुख मौकों पर वह कहीं नजर नहीं आया है। उसे एक दिन पहले कतर के विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से मुलाकात में भी नहीं देखा गया। बता दें कि काबुल पर कब्जे के बाद सुप्रीम लीडर हैबतुल्लाह अखुंदजादा को भी सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है।
तालिबान में सत्ता में शीर्ष पदों के लिए आपसी खींचतान के बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि मुल्ला बरादर गोली लगने से मौत हो गई है। खबर आई थी कि सरकार में पद को लेकर तालिबान नेताओं के बीच विवाद था। अब बरारद का एक आडियो क्लिप सामने आया है जिसमें उसने कहा है कि मेरे गायब रहने के दौरान मीडिया ने प्रोपेगैंडा फैलाया है।