तालिबान के संस्थापक मोहम्मद उमर के बेटे मुल्ला याकूब को अफगानिस्तान का नया रक्षा मंत्री बनाया गया है। याकूब की उम्र महज 30 साल है। मुल्ला याकूब वर्तमान में सैन्य समूहों को लीड करता है।
अफगानिस्तान में तालिबान ने नई सरकार का एलान कर दिया है। नई सरकार में मुल्ला मोहम्मद हसन अखुंद प्रधानमंत्री बनाया गया है। वहीं तालिबान के संस्थापक मोहम्मद उमर के बेटे मुल्ला याकूब को नया रक्षा मंत्री बनाया गया है। मुल्ला याकूब मदरसे में शेख हिबतुल्ला अखुंदजादा का छात्र था और उसका बेहद करीबी था।
विज्ञापन
तालिबान के सूत्रों के अनुसार, शेख हिबतुल्लाह अखुंदजादा ने हमेशा याकूब का सम्मान किया। इसके पीछे की वजह उसके पिता थे जो कि तालिबान के संस्थापक थे। वहीं रिपोर्ट में कहा गया है कि शेख हबीबुल्लाह ने मुल्ला याकूब को अपने सशस्त्र लड़ाकों का कमांडर इन चीफ नियुक्त किया और फिर उसे शक्तिशाली सैन्य आयोग का प्रमुख चुना। मुल्ला याकूब की उम्र महज 30 साल है और वह वर्तमान में सैन्य समूहों को लीड करता है।
मुल्ला याकूब ने व्यक्तिगत रूप से हाल के सशस्त्र अभियान का नेतृत्व किया और पहले जिलों सहित ग्रामीण क्षेत्रों पर कब्जा करना शुरू किया, और फिर देश भर के प्रांतों पर कब्जा करने का फैसला किया। मुल्ला याकूब के करीबी लोगों ने द न्यूज को बताया कि वह ऑपरेशन के दौरान कम सोता था और दवाओं पर निर्भर था। तालिबान के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने तब उन्हें बहुत अधिक तनाव न लेने की सलाह दी थी।