Afghanistan Foreign Minister Amir Khan Muttaqi
- फोटो : Twitter@zainab_moh14
अफगानिस्तान के नए शासक तालिबान लड़कियों, महिलाओं को शिक्षा व नौकरी प्रदान करने के सिद्धांत को लेकर प्रतिबद्ध हैं। साथ ही वे अपने पिछले शासन के तौर-तरीकों को बदलना चाहते हैं। तालिबान के एक शीर्ष नेता आमिर खान मुत्तकी ने एक साक्षात्कार में कहा, हम चाहते हैं कि पूरी दुनिया उन लाखों अफगानिस्तानियों की मदद कर दया व करुणा दिखाए, जिन्हें मदद की सख्त जरूरत है।
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी ने कहा कि तालिबान की सरकार सभी देशों के साथ अच्छे संबंध चाहती है और अमेरिका से उसे कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने अमेरिका और अन्य देशों से 10 अरब अमेरिकी डॉलर के कोष को जारी करने का आग्रह किया, जिस पर 15 अगस्त को तालिबान के सत्ता में आने के बाद रोक लगा दी गई थी। मुत्तकी ने कहा, अफगानिस्तान पर पाबंदियां लगाने का कोई फायदा नहीं होगा।
अफगानिस्तान को अस्थिर करना या हमारी सरकार का कमजोर होना किसी के हित में नहीं है। सोमवार को ही व्हाइट हाउस प्रवक्ता जेन साकी ने कहा था कि अफगानिस्तान के पास बहुत कम भंडार बचा है। इस बीच, मुत्तकी ने लड़कियों की शिक्षा और महिलाओं के नौकरी करने पर तालिबान के प्रतिबंधों को लेकर दुनिया की नाराजगी स्वीकार की और कहा कि तालिबान पिछले शासन के बाद बदल गया है।
ड्रोन हमला करने वाले अमेरिकी सैनिकों पर कार्रवाई नहीं
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने कहा है कि अफगानिस्तान में किए गए नाकाम ड्रोन हमले के लिए किसी भी अमेरिकी सैनिक को दंडित नहीं किया जाएगा। इस हमले में बच्चों समेत 10 नागरिकों की जान चली गई थी। सेना ने शुरू में काबुल में किए गए इस हमले का बचाव किया लेकिन अंत में इसे एक दुखद गलती करार दिया।