अफगानिस्तान में आज का दिन काफी दर्दनाक रहा। आज काबुल एयरपोर्ट के बाहर दो आत्मघाती हमले हुए इसमें करीब 40 लोगों के मरने की खबर है और सैकड़ों लोग घायल हो गए हैं। अब संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरस ने काबुल हवाई अड्डे पर आतंकवादी हमले की निंदा की है और पीड़ितों के लिए दुख प्रकट किया है।
उन्होंने कहा कि यह दर्दनाक घटना अफगानिस्तान में जमीन पर स्थिति की अस्थिरता को रेखांकित करती है। साथ ही कहा कि ऐसी घटनाएं हमारे संकल्प को मजबूत करती हैं और हम अफगान के लोगों को सहायता देना जारी रखेंगे।
स्पुतनिक की रिपोर्ट के अनुसार, गुटेरेस के प्रवक्ता दुजारिक ने उनकी तरफ से बताया कि महासचिव मौजूदा स्थिति पर बड़ी चिंता के साथ नजर रख रहे हैं। आगे कहा कि वह इस आतंकवादी हमले की निंदा करते हैं, जिसमें कई नागरिक मारे गए और घायल हुए, और मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और वे घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
अलग-अलग जगह हुए दोनों धमाके
अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि काबुल एयरपोर्ट के ऐबी गेट के बाहर एक आत्मघाती हमलावर ने इस घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर फायरिंग करते हुए आया और उसने खुद को बम से उड़ा लिया। एयरपोर्ट के इस गेट पर ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के सैनिक तैनात रहते हैं।
वहीं, दूसरा आत्मघाती हमला एयरपोर्ट के सामने मौजूद बैरन होटल के बाहर हुआ, जो कि ऐबी गेट के ही काफी करीब है। गौरतलब है कि इस हमले से कुछ देर पहले ही आईएस के आतंकियों द्वारा धमाका करने की आशंका जताई गई थी। इसका मकसद पश्चिमी देशों के उन सैनिकों को निशाना बनाना था, जो अफगान शरणार्थियों को देश से बाहर निकालने में मदद कर रहे हैं।