तातारस्तान के मेंजेलिंस्क शहर में रविवार को बड़ी विमान दुर्घटना हो गई। यहां मॉस्को समयानुसार करीब नौ बजकर 11 मिनट पर एक एयरोक्लब का विमान क्रैश हो गया। बताया जा रहा है कि लेट एल-410 टर्बोलेट विमान क्रैश हुआ है।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक इस विमान में 23 लोग सवार थे, जिसमें से 21 लोग पैराशूट डाइवर्स (छलांग लगाने वाले) थे। घटना का पता चलते ही अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद घटनास्थल पर बचाव दलों को रवाना किया गया। सूत्रों के मुताबिक अभी तक 23 में से सात लोगों को रेस्क्यू किया गया है। बाकी लोगों को भी बचाने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
जानकारी के मुताबिक, यह विमान दुर्घटना स्थानीय समयानुसार सुबह साढ़े नौ बजे आसपास हुई। मंत्रालय की ओर से जारी तस्वीर में साफ नजर आ रहा है कि विमान दो टुकड़ों में बंट गया। पूरे विमान को काफी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि सात बचे हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें से एक की हालत बेहद गंभीर है। डॉक्टर उसकी जान की बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
इंटरफैक्स न्यूज एजेंसी ने बताया कि यह विमान रूसी सेना और नौसेना की मदद करने वाले एक समूह का था। यह संगठन खुद को खेल और रक्षा संगठन बताता है। इस साल पहले भी रूस में दो एल-140 विमान दुर्घटना के शिकार हो गए थे। लगातार हादसों से यह विमान अब सवालों के घेरे में आ गया है। रूसी अधिकारी अब विमान दुर्घटना की जांच कर रहे हैं।