मैरियूपोल : स्टील प्लांट में 24 घंटे में 34 बार हमले
रूस की आसान जीत को रोकने की यूक्रेन की क्षमता के नजीर में से एक मैरियूपोल है, जहां एक इस्पात संयंत्र में छिपे हुए यूक्रेनी लड़ाकों ने रूस को शहर पर पूर्ण नियंत्रण करने से रोक दिया। संयंत्र की रक्षा करने वाली आजोव रेजिमेंट ने कहा कि रूसी युद्धक विमानों ने 24 घंटों में 34 बार हमला करते हुए उस पर बमबारी जारी रखी। हालांकि दो अफसरों ने मंगलवार को कहा कि यहां भूमिगत सुरंगों में करीब 100 लोग अब भी मौजूद हैं।
स्वतंत्र यूक्रेन के पहले राष्ट्रपति को श्रद्धांजलि
स्वतंत्र यूक्रेन के पहले राष्ट्रपति लियोनिद क्रावचुक का 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्हें राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने श्रद्धांजलि दी और कहा, वह सिर्फ एक नेता नहीं, केवल एक ऐतिहासिक शख्सियत नहीं, बल्कि एक ऐसे व्यक्ति थे जो उचित शब्दों को ढूंढकर अपनी बात रखना जानते थे। उनकी रखी बात को हर यूक्रेनी सुनना पसंद करता था। क्रावचुक ने सोवियत संघ के विघटन के दौरान स्वतंत्रता के लिए यूक्रेन का नेतृत्व किया था।
अमेरिकी सदन में यूक्रेन को 40 अरब डॉलर का नया पैकेज मंजूर
अमेरिकी सदन के सांसदों ने राष्ट्रपति जो बाइडन के शुरुआती अनुरोध को बल देते हुए यूक्रेन की मदद के लिए मंगलवार को 40 अरब डॉलर के नए सहायता पैकेज को मंजूरी दे दी। विधेयक 57 के मुकाबले 368 मतों के अंतर से पारित हुआ, जो अप्रैल में बाइडन की ओर से अनुरोध की गई राशि से सात अरब डॉलर अधिक है। विधेयक में यूक्रेन को सैन्य-आर्थिक मदद करने के साथ हथियारों की भरपाई करने या बदलने का भी प्रावधान है।
युद्ध को लंबा खींचना चाहते हैं पुतिन
अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक एव्रिल हेनस ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अभी भी युद्ध को लंबा खींचना चाहते हैं। हेनस ने अमेरिकी सीनेट को बताया कि पुतिन यूक्रेन से आगे भी हमला करने का मंसूबा भी पाले हुए हैं। यूक्रेन के मौजूदा हालात इस ओर स्पष्ट इशारा कर रहे हैं। हेनस ने कहा, काला सागर में मोल्डोवा के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में रूस सैन्य तैनाती बढ़ा रहा है। ऐसे में यह युद्ध दोनबास क्षेत्र पर पूर्ण कब्जे के बाद भी नहीं थमेगा।