रूस ले जाए गए 10 लाख से ज्यादा यूक्रेनी
यूक्रेन पर रूसी हमले की शुरुआत से अब तक करीब दो लाख बच्चों समेत दस लाख से अधिक यूक्रेनी सुरक्षित निकालकर रूस ले जाए गए हैं। रूसी रक्षा मंत्रालय के अफसर मिखाइल मिजिंत्सेव ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान यूक्रेनी अफसरों की मदद के बिना ही 1,847 बच्चों समेत कुल 11,550 लोगों को सुरक्षित निकालकर रूस ले जाया गया है। इनमें से अधिकांश लोग दोनेस्क, लुहांस्क और अन्य यूक्रेनी खतरनाक क्षेत्रों के हैं।
चक शूमर ने की लावरोव के बयान की निंदा
अमेरिकी सांसद चक शूमर ने यूक्रेन पर हमले को लेकर रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की टिप्पणियों की निंदा की है। अमेरिकी उच्च सदन (सीनेट) में बहुसंख्यक दल के नेता चक शूमर ने कहा कि रूस, यहूदियों के खिलाफ एक तरह से मनोरोगी द्वारा रची गई साजिश वाले सिद्धांत के जरिये क्रूर हमलों को सही ठहरा रहा है लेकिन वह किसी को बेवकूफ नहीं बना रहा। इसके लिए मेरे पास सिर्फ एक ही शब्द है, घिनौनापन।
यूक्रेन को अमेरिकी मदद की और जरूरत : पेलोसी
अमेरिकी निचले सदन (प्रतिनिधि सभा) की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी ने यूक्रेन के औचक दौरे से लौटकर कहा कि रूसी हमले से निपटने के लिए अमेरिकी संसद को यूक्रेन को और अधिक सहयोग देने की जरूरत है। उन्होंने कीव में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से भी मुलाकात की।