अगले चरण में शामिल होने को तैयार हैं सीरियाई लड़ाके
यूक्रेनी शहरों में लगातार हमले कर रहे रूसी सैनिकों की मदद के लिए कुछ सीरियाई लड़ाके युद्ध के अगले चरण में शामिल होने की योजना बना रहे हैं। इससे पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 2017 में सीरियाई यात्रा के दौरान वहां के एक जनरल की हाल ही में प्रशंसा की थी।
अब सीरियाई ब्रिगेडियर जनरल सुहेल अल-हसन की टुकड़ी के सैकड़ों लड़ाके रूसी सैनिकों की ओर से यूक्रेन में लड़ने के लिए तैयार हैं। सीरियाई रेगिस्तान में आईएस के खिलाफ वर्षों तक लड़ाई लड़ने वाले सैनिकों, पूर्व विद्रोहियों और अनुभवी लड़ाकों को यूक्रेन में रूसी सेना की मदद के लिए भेजा जा सकता है।
मैरियूपोल पर कब्जे से बंद हो सकती है वार्ता : यूक्रेन
यूक्रेनी विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने मैरियूपोल में हालात गंभीर बताते हुए कहा कि वहां रूसी हमले एक ‘लाल रेखा’ साबित हो सकते हैं। इससे बातचीत के जरिये शांति पर पहुंचने की सारी कोशिशें खत्म हो सकती हैं। कुलेबा ने कहा, बंदरगाह शहर में मौजूद यूक्रेनी सेना के बाकी के कर्मियों और नागरिकों को असल में रूसी सेना ने घेर लिया है। उन्होंने कहा, यूक्रेनियों का संघर्ष जारी है लेकिन भारी विध्वंस के चलते अब शहर का अस्तित्व खत्म हो गया है।
यूरोपीय संघ देगा यूक्रेन को आर्थिक मदद
यूरोपीय आयोग ने घोषणा की है कि यूरोपीय संघ (ईयू) रूस के आक्रमण से प्रभावित लोगों का समर्थन करने के लिए मानवीय वित्त पोषण में अतिरिक्त पांच करोड़ यूरो आवंटित कर रहा है। इसमें यूक्रेन में मानवीय परियोजनाओं के लिए 4.5 करोड़ यूरो और मोल्दोवा के लिए 50 लाख यूरो शामिल हैं।