जानकारी के मुताबिक, 28 देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने UNHRC में 'रूसी आक्रमण से उपजी यूक्रेन में मानवाधिकारों की स्थिति' पर मसौदा प्रस्ताव का समर्थन किया। वहीं, दो देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने इस मसौदा प्रस्ताव का विरोध किया। साथ ही भारत सहित 17 देशों के प्रतिनिधि अनुपस्थित रहे।
फिनलैंड के नाटो में शामिल होने से फिर बढ़ सकता है तनाव
यूक्रेन पर रूस के हमले के बीच फिनलैंड मंगलवार को औपचारिक रूप से
नाटो सैन्य गठबंधन में शामिल हो गया। इससे नाटो की सेना रूस के पड़ोस में पहुंच जाएगी, जो रूस की असल चिंता है। फिनलैंड के विदेश मंत्री पेक्का हविस्तो ने अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन को आधिकारिक दस्तावेज सौंप कर नाटो में शामिल होने की प्रक्रिया पूरी की। इस फैसले को लेकर रूस ने फिनलैंड को कार्रवाई की चेतावनी दी है।
राष्ट्रपति वोलोदीमीर जेलेंस्की ने की फिनलैंड के कदम की सराहना
फिनलैंड के कदम की यूक्रेन ने सराहना की है। राष्ट्रपति वोलोदीमीर जेलेंस्की ने कहा, फिनलैंड ने सही फैसला लिया है। यूक्रेन का लक्ष्य भी नाटो में शामिल होना है। उधर, नाटो के महासचिव जेंस स्टोलटेनबर्ग ने भी माना कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन पर हमले को सही ठहराने के लिए नाटो के विस्तार का विरोध कर रहे हैं। पुतिन ने जैसा सोचा था, फिनलैंड ने उसका साफ उलट किया।
एक साल में तीन लाख से ज्यादा लोग मारे गए
रूस-यूक्रेन युद्ध को एक साल से भी ज्यादा हो गया है। इसमें मारे गए लोगों का कोई सटीक आंकड़ा तो नहीं है, लेकिन अलग-अलग रिपोर्ट्स के अनुसार, एक साल के अंदर तीन लाख से ज्यादा लोग दोनों तरफ से मारे जा चुके हैं। नॉर्वे चीफ ऑफ डिफेंस की रिपोर्ट के अनुसार, इस युद्ध में 22 जनवरी 2023 तक यूक्रेन के तीस हजार से ज्यादा लोग मारे गए थे। एक लाख बीस हजार से ज्यादा यूक्रेनियन जवानों ने अपनी जान गंवाई थी। वहीं, तमाम रिपोर्ट्स ये दावा करती हैं कि यूक्रेन से ज्यादा रूसी सैनिकों की मौत हुई है। अमेरिका के आंकड़े बताते हैं कि 24 फरवरी 2022 से 16 फरवरी 2023 तक दो लाख से ज्यादा रूसी सैनिक या तो मारे जा चुके हैं या फिर यूक्रेन में बंधक बनाए गए हैं। इसके अलावा करीब सात हजार से ज्यादा रूस का साथ देने वाले यूक्रेनियन अलगाववादी भी मारे जा चुके हैं। दोनों तरफ से दो लाख से ज्यादा जवान और नागरिक लापता हैं।
इसे भी पढ़ें- NATO: उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन का 31वां सदस्य बना फिनलैंड, रूस से लगी नाटो देशों की सीमा हुई दोगुनी