जेस्सोर में आवामी लीग के महासचिव शाहीन चकलादार के होटल में आग लगा दी गई। इसमें आठ लोग जलकर मर गए और 84 लोग झुलसकर घायल हो गए। दो मृतकों की पहचान चयन (20) और सैजान हुसैन (19) के रूप में हुई। इसके अलावा चित्तमोर में एक होटल में आग लगा दी गई। इसका फर्नीचर जलकर खाक हो गया। खुलना में अवामी लीग के अध्यक्ष जीएम मोहसिन रजा, उनके ड्राइवर आलमगीर और निजी सहायक मोफिजुल इस्लाम की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पूर्व मेयर को जलाकर मार डाला
बांग्लादेश में उपद्रवी इतने उग्र हो गए कि बारिसल में पूर्व मेयर और आवामी लीग के अध्यक्ष सेर्नियाबत सादिक अब्दुल्ला को जलाकर मार दिया गया। इसके अलावा दो और लोगों को आग लगा दी गई। गाजीपुर के सफीपुर में उपद्रवियों पर बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के जवानों ने गोलीबारी की। इसमें छह लोग घायल हुए। इसके अलावा गाजीपुर में अंसार के दो सदस्यों की गोलीबारी में मौत हो गई। उपद्रवियों ने अंसार-वीडीपी अकादमी पर हमला किया। इसमें 100 लोग घायल हो गए।
उपद्रवियों ने आवामी लीग पार्टी के सांसद, मंत्री के घरों और पुलिस स्टेशनों में आग लगा दी। इसके अलावा नौगांव में उपद्रवियों ने खाद्य मंत्री साधन चंद्र मजूमदार के आवास पर तोड़फोड़ और आगजनी की। नरैल में सांसद मशरफे मुर्तजा के घर में तोड़फोड़ की गई। यहां आवामी लीग के कार्यालय में आग लगा दी गई और अध्यक्ष सुभाषचंद्र बोस के घर में तोड़फोड़ की गई। नारायण गंज में सांसद शमीम उस्मान और अवामी लीग के कार्यालय में तोड़फोड़ की गई। कोमिला में सांसद बहाउद्दीन बहार के घर में आग लगा दी गई। चटगांव में जुबो लीग के नेता हेलाल अकबर बाबर, वार्ड नंबर 10 की पार्षद निचार उद्दीन के घर पर हमला किया गया। शहर अवामी लीग के उपाध्यक्ष अल्ताफ हुसैन और पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ और आगजनी की गई। सांसद एबीएम फजले करीब चौधरी के घर में आग लगाई गई।
शेरपुर जेल से 500 कैदी जेल से भागे, पुलिस स्टेशनों में लगाई आग
उपद्रवियों ने जिला जेल में घुसकर 500 कैदियों को जेल से भगा दिया। यहां भीड़ ने जुलूस निकाला। इसके अलावा चटगांव समेत छह पुलिस स्टेशन पर हमला किया गया। यहां उपद्रवियों ने आग लगा दी। भीड़ ने चटगांव, पटेंगा, ईपीजेड, कोतवाली, अकबर शाह और पहाड़ाली पुलिस स्टेशन पर हमला किया गया। हमलों में पुलिसकर्मी घायल हो गए। दामपारा में पुलिस आयुक्त कार्यालय और चटगांव में सेंट्रल जेल पर हमला किया गया। उपद्रवियों ने कोनाबारी और बसन पुलिस स्टेशन पर भी हमला किया।