अमेरिका में फ्लोरिडा प्रांत के मियामी क्षेत्र में इमारत गिरने से मरने वालों की संख्या मंगलवार को 95 पर पहुंच गई। बचाव एवं राहत कर्मी, पिछले 20 दिन से मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम कर रहे हैं।
मियामी-डेड काउंटी की मेयर डेनिएला लेवीन कावा ने बताया कि 24 जून को इमारत के ढहने के बाद से 14 लोगों का पता नहीं चल पाया है। इमारत के गिरने के बाद से कोई भी जीवित नहीं पाया गया है। मेयर ने कहा कि 85 मृतकों की पहचान कर ली गई है और समय बीतने के साथ शवों की पहचान करना कठिन होता जा रहा है।
बता दें कि अमेरिका में फ्लोरिडा प्रांत के मियामी क्षेत्र के सर्फसाइड शहर में समुद्र के ठीक सामने बनी एक 12 मंजिला इमारत ‘शैम्प्लेन टावर्स’ अचानक भरभराकर धराशायी हो गई थी।
इस घटना में दबे करीब 100 लोगों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। बचाव दल ने 100 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर भी निकाला था। कई जगह मलबे में दबे लोगों की चीखें भी सुनी गई थी।
यह इमारत किन कारणों से गिरी है लेकिन सर्फसाइड के मेयर चार्ल्स बर्केट ने कहा है कि स्ट्रक्चरल इंजीनियरों की एक टीम इमारत के गिरने के कारणों की जांच करेगी। उन्होंने कहा, 1980 के दशक में बनी इस इमारत की छत का काम चल रहा था। हालांकि इसे इमारत ढहने का कारण मानने से बर्केट ने इनकार कर दिया। यह इमारत 12 मंजिला है और इसमें 130 से अधिक यूनिट्स हैं।
मियामी-डेड फायर रेस्क्यू असिस्टेंट फायर चीफ रे जदल्लाह ने कहा कि बचाए गए लोगों में कई को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें स्थानीय अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा जा गया था। इमारत से निकाले गए कई लोगों को गंभीर चोटें आई थी।
फ्लोरिडा में आपातकाल का एलान
फ्लोरिडा सरकार के हादसे की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद देने के लिए कार्यकारी आदेश जारी किया था। इसमें कहा गया है कि इस इलाके में आपातकालीन घोषणा की गई थी। जिससे कानून प्रवर्तन एजेंसियां और दूसरे सरकारी डिपार्टमेंट आवश्यकता के अनुसार, सभी जरूरी संसाधन इमारत के राहत और बचाव कार्य के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।।