हमीरपुर के विकास ठाकुर जुलाई में समोआ में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में भाग लेंगे। अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर विकास ठाकुर आठवीं बार कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में उतरेंगे। वर्तमान में वह ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में पसीना बहा रहे हैं। कॉमनवेल्थ के लिए वह 4 जुलाई को समोआ पहुंचेंगे। सात चैंपियनशिप में वह अब तक देश को चार पदक दिला चुके हैं।
12 जुलाई को उनका मैच है। हमीरपुर की टौणी देवी तहसील के पटनौण गांव के विकास ठाकुर वर्तमान में लुधियाना में माता-पिता के साथ रहते हैं। वर्ष 2013 में उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में देश को सिल्वर मेडल दिलाया। विकास छह बार नेशनल चैंपियन और रिकॉर्ड होल्डर हैं। कॉमनवेल्थ में वह वर्ष 2012 से हर साल भाग ले रहे हैं।
2013 में उन्होंने सिल्वर, 2015 में गोल्ड, 2017 में कांस्य तथा 2018 में भी देश को कांस्य दिलाया था। ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में प्रशिक्षण के बाद 4 जुलाई कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप के लिए समोआ देश पहुंचेंगे। विकास इस बार 96 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लेंगे।
विकास के पिता बृज लाल ठाकुर ने बताया कि विकास ने देश के लिए बहुत कुछ किया है। आगे भी उनसे यही उम्मीद है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर, टौणी देवी से बीडीसी सदस्य प्रेम लता ठाकुर, पटनौण पंचायत के प्रधान राजीव ठाकुर, उपप्रधान सुरेंद्र कुमार और बीडीसी प्रोमिला ने भी विकास को बधाई दी है।