काशीपुर में वायु प्रदूषण का स्तर कम करने के लिए नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत सड़क के दोनों और टाइल्स बिछाई जाएंगी। इससे न सिर्फ वायु प्रदूषण कम होगा, बल्कि सड़क चौड़ी होने से यातायात व्यवस्था में भी सुधार आएगा और हादसों में लगाम लग सकेगी। सोमवार को मेयर दीपक बाली ने बाजपुर रोड पर 90 लाख रुपए की लागत से होने वाले इस कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान मेयर बाली ने कहा कि अन्य सड़कों पर भी इंटरलॉकिंग टाइल्स फिक्सिंग कार्य किया जाएगा। कहा कि नगर निगम लगातार शहर के विकास के कार्यों में लगी हुई है। ऐसे में शहर के हर आदमी को अपने आप को मेयर समझते हुए विकास में सहयोग देना होगा। जिस दिन लोग सड़क पर कूड़ा डालते लोगों को रोकने लगेंगे, उसी दिन समझ लो काशीपुर स्वच्छ और सुंदर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बगैर जन सहयोग के कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि सफाई को लेकर उनकी सर्जिकल स्ट्राइक लगातार जारी रहेगी। यहां चौधरी समरपाल सिंह, जसवीर सिंह सैनी, बूथ अध्यक्ष श्याम सिंह, पार्षद सीमा सागर, अंजना आर्य, बलविंदर सिंह, गुरनाम सिंह गामा, राम अग्रवाल, सतविंदर सिंह आदि मौजूद रहे।