रुद्रपुर में चैत्र नवरात्रि से शुरू होने वाले अटरिया मेले में इस बार अन्य वर्षों की तुलना में काफी कम रौनक दिखाई दे रही है। दिन के समय तो मेले में निपट सन्नाटा है। न मंदिर में लोगों की भीड़ दिख रही है न मेले में ही लोग जुट रहे हैं। शनिवार दोपहर संवाद न्यूज एजेंसी ने अटरिया मेले का जायजा लिया। मेले में लगी दुकानों में सन्नाटा पसरा था। मंदिर दर्शन के लिए भी अन्य वर्ष के मेले की तरह लोगों की भीड़ नहीं दिखाई दी। मेलास्थल पर लगे झूले सुनसान पड़े थे। मेला स्थल पर सर्कस भी लगा है। उसमें भी सन्नाटा था। मेले में लोगों के मनोरंजन के लिए झूले आदि लेकर पहुंचे व्यापारी मेलार्थियों की बाट जोहते दिखे। व्यापारियों ने अन्य वर्षों की तुलना में इस बार के मेले को फीका बताया। कुछ व्यापारियों ने कहा कि गर्मी के कारण भी दिन में कम लोग आ रहे हैं। व्यापारियों की कहना था कि मेले में शाम चार बजे बाद ही लोग जुट रहे हैं। देर रात तक मेले में लोग जुटते हैं। मेले पर रसोई गैस की किल्लत का भी साफ असर देखने को मिला है। व्यापारी लकड़ियों पर खाद्य सामग्री बनाते दिखे। मेला 15 अप्रैल तक चलेगा।