रुद्रपुर में लंबे समय से बंद पड़े उद्यान विभाग के कार्यालय से आदर्श काॅलोनी तक जाने वाले मार्ग का सुधारीकरण कर मिनी बाईपास का रूप दिया जाएगा। मेयर ने राजस्व और नगर निगम की टीम के साथ सड़क का सर्वे कर योजना को मूर्तरूप देने की बात कही है। नैनीताल हाईवे से उद्यान विभाग के कार्यालय होते हुए आदर्श कॉलोनी घास मंडी तक बना मार्ग दशकों से बंद पड़ा है। शुक्रवार को मेयर विकास शर्मा राजस्व और नगर निगम के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। बंद पड़े मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। जमीन की पत्रावली का अवलोकन किया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों और तहसीलदार दिनेश कुटौला को मार्ग को खोलने की प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर करने को कहा। कहा कि नैनीताल हाईवे से आदर्श कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी, बंगाली कॉलोनी, भूरारानी, सिंह कॉलोनी, मलिक कॉलोनी और शांति विहार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ने वाला यह मार्ग आतंकवाद के दौर से ही सुरक्षा कारणों या अन्य परिस्थितियों के चलते बंद पड़ा था। उन्होंने कहा कि कागजों में यह मार्ग आज भी सार्वजनिक मार्ग के रूप में दर्ज है। इसके खुलने से शहर की बहुत बड़ी आबादी को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा।