धारचूला विकासखंड के ग्राम प्रधानों ने वीबी जीरामजी योजना में मजदूरी बढ़ाने और तकनीकी कार्यों को आसानी से अंजाम तक पहुंचाने के लिए दो अतिरिक्त जेई की तैनाती की मांग पर बीडीओ के माध्यम से सीएम और डीपीआरओ को ज्ञापन भेजा। संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष चंचल सिंह धामी के नेतृत्व में क्षेत्र के ग्राम प्रधान विकासखंड कार्यालय पहुंचे और बीडीओ ललित मोहन गोस्वामी के माध्यम से सीएम और डीपीआरओ को ज्ञापन भेजा। प्रधानों ने कहा कि वीबी जीरामजी योजना के तहत 300 रुपये मजदूरी दी जा रही है। वहीं सामान्य मजदूरी 600 रुपये है। ऐसे में योजना के तहत कार्य करने के लिए मजदूर हाथ पीछे खींच रहे हैं। ऐसे में कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्राम प्रधानों ने कहा कि धारचूला के दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सेवा बदहाल है और योजना के तहत फेस वेरीफिकेशन नहीं हो पा रहा है। ऐसे में दूरस्थ क्षेत्रों में फेस वेरीफिकेशन की बाध्यता को खत्म किया जाना चाहिए। ग्राम प्रधानों ने कहा कि विकासखंड में 62 ग्राम पंचायतें हैं और तकनीकी कार्यों के लिए सिर्फ एक जेई की तैनाती की गई है। जेई की कमी से कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कार्यों को आसानी से अंजाम तक पहुंचाने के लिए दो अतिरिक्त जेई की तैनाती जरूरी है। ज्ञापन देने वालों में हरेंद्र सिंह दानू, गोविंद तितियाल, नगेंद्र कुटियाल, जयेंद्र फिरमाल, विनिता मार्छाल, छबिता नबियाल, पूजा देवी, भीम सिंह सहित कई ग्राम प्रधान मौजूद रहे।