पिथौरागढ़ जिले के शिलिंग के बुंगा में तीन महीने पहले बुजुर्ग की हत्या के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस पर आरोपियों को बचाने और मामले को दबाने का आरोप लगाया। कहा बुजुर्ग की हत्या के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जबकि इसमें अन्य आरोपी भी शामिल थे। इनके खिलाफ तहरीर दी थी लेकिन पुलिस इन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। सोमवार को न्याय की गुहार लगाते हुए कलक्ट्रेट पहुंची मृतक की पत्नी मीना देवी और साथ में आए ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि तीन महीने पहले भाट सड़क पर एक दुकान की छत पर बुजुर्ग की नृशंस हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जबकि हत्या में अन्य आरोपी भी शामिल थे। इस दौरान मृतक की पत्नी और ग्रामीणों ने डीएम विनोद गोस्वामी को शिकायती पत्र देते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। प्रदर्शन में जगदीश चंद, विक्रम चंद, दीपक चंद्र, मीना पटियाल, जानकी पटियाल, कमला, चंद्रकला, दीपा देवी, वीरेंद्र चंद, कमलेश, रेनू, उमा चंद, कमला चंद आदि शामिल रहे।