यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह कठैत ने कहा कि पर्वतीय व्यक्ति के लिए विधानसभा में अपशब्दों का प्रयोग हुआ। सदन में विधानसभा अध्यक्ष सहित 68 विधायकों ने इसका विरोध नहीं किया। भाजपा के 68 विधायकों ने पर्वतीय समाज की भावनाओं को आहत किया। केंद्रीय अध्यक्ष ने शुक्रवार को पिथौरागढ़ पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता में सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने सदन में पहाड़ियों के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया और वहां मौजूद विधानसभा अध्यक्ष सहित 68 विधायक मौन रहे। सदन में मौजूद विधायकों को इसका विरोध करना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ऐसे में जनता को अपने विधायक के आवास पर जाकर उन्हें उलाहना पत्र देना चाहिए, इसके लिए लोगों को यूकेडी जागरूक कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संसदीय कार्यमंत्री ने वन विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा कर होटल का निर्माण किया है। जीरो टॉलरेंस और भू माफिया को भगाने की बात करने वाली भाजपा सरकार इस मामले में चुप है। यहां केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एपी जुयाल, जबर सिंह पावेल, जिलाध्यक्ष चंद्रखेशर पुनेड़ा आदि मौजूद रहे।