श्रीनगर। ब्राह्मण मोहल्ला निवासी पंवार परिवार की ओर से पितरों के तारण हेतु 6 से 12 जुलाई तक आदिति वेडिंग प्वाइंट में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ।कलश यात्रा शारदानाथ घाट से विधिवत पूजन के बाद शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कथा स्थल पहुंची। यात्रा में महिलाओं, बच्चों, संस्कृत विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।कथा स्थल पर दैनिक पंचांग पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक कथा होगी। प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य अनूप उनियाल अपने मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे।