नैनीताल में पर्यटन सीजन शुरू होते ही शहर की यातायात व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। बुधवार सुबह करीब नौ बजे नगर की व्यस्त मॉलरोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालत यह रही कि वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते रहे और सड़क पर लगभग एक घंटे तक जाम जैसे हालात बने रहे। बुधवार को सुबह भीड़ बढ़ने के बाद अपर मॉलरोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। एक घण्टे तक वाहन रेंग रेंग कर चलते रहे। जिससे सुबह रोजमर्रा के कार्यों के लिए निकलने वाले स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। इस दौरान मॉलरोड पर सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहन लगातार यातायात बाधित करते रहे। लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं की गई। रोजाना सड़क के किनारे खड़े वाहनों के कारण सड़क संकरी हो जाती है। जिससे यातायात प्रभावित हो जाता है। पर्यटक वाहनों की बढ़ती संख्या ने स्थिति को और खराब कर दिया। कई जगहों पर वाहन चालकों के बीच आगे निकलने की होड़ भी जाम का कारण बन रही है।बुधवार को भी स्थिति को संभालने के लिए पुलिस कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर बाद पुलिस ने धीरे-धीरे वाहनों को निकालकर यातायात सुचारु कराया। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या अब रोजमर्रा का हिस्सा बन चुकी है। नगरवासियों ने प्रशासन से मॉलरोड और आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे पार्किंग पर सख्ती से रोक लगाने, अतिरिक्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने तथा पर्यटन सीजन में यातायात प्रबंधन मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। एसपी डॉ. जगदीश चन्द्र ने बताया कि मॉलरोड व अन्य सड़कों से पार्क वाहनों को हटवाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।