आशा फाउंडेशन की ओर से कैंसर जागरूकता के लिए मॉलरोड पर पिंक रैली का आयोजन किया गया। इसमें बैनर और पोस्टर के माध्यम से कैंसर के प्रति सजगता व जागरूकता का संदेश दिया गया। रैली में शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी व स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कैंसर से बचाव व सुरक्षा संबंधी सुझाव दिए। मुख्य अतिथि संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल ने कहा कि कैंसर से बचाव के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। फाउंडेशन की संस्थापक आशा शर्मा ने कहा कि फाउंडेशन की ओर से नैनीताल सहित अन्य नगरों में भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। केजीएमसी लखनऊ के एंडोक्राइन विभाग के प्रमुख डाॅ. अनिल मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समय-समय पर चेकअप कराते रहने से इस बीमारी से बचा जा सकता है। वहां विधायक सरिता आर्या, डॉ. स्मिता सिंह, बिड़ला स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा, प्रो. नीता बोरा शर्मा, मुन्नी तिवारी, नीलू एल्हेंस, प्रो. अजय रावत, सुषमा रावत, डॉ. एमएस दुग्ताल आदि थे। संचालन हेमंत बिष्ट, दीपक कुमार व मीनाक्षी कीर्ति ने किया।