नैनीताल में गृह मंत्रालय के निर्देश पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से रोपवे को रोक कर पूर्वाभ्यास किया। इस दौरान ट्रॉली को बीच में रोककर ट्राली में सवार लोगों को रस्सी से सुरक्षित जमीन तक पहुंचाया गया। शुक्रवार को कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से संचालित रोपवे में निगम कर्मियों के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने माॅक ड्रिल की। टीम ने रोपवे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला। पूर्वाभ्यास के दौरान रोपवे प्रबंधक शिवम शर्मा ने पर्यटकों को बताया कि अगर कभी ऐसी स्थिति बनती है तो पर्यटकों को सुरक्षित जमीन तक पहुंचाया जा सकता है। एनडीआरफ के डिप्टी कमांडेंट दीपक भट्ट ने बताया कि कई बार पूर्व में कई स्थानों पर रोपवे रुकने की घटनाएं हो चुकी हैं जिसके चलते पर्यटक डर जाते हैं। इस पूर्वाभ्यास का यह उद्देश्य है कि उेसी स्थिति सामने आने पर सुरक्षा दल पर्यटकों को सुरक्षित बचा सकें।