पार्टी के भीतर घमासान के बावजूद भाजपा ने आखिरकार बुधवार को इंदिरा हृदयेश के करीबी रहे प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा को पार्टी में शामिल कर लिया है। पार्टी कार्यालय में आयोजित सादे समारोह में वर्मा के साथ ही पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मोहन गिरी गोस्वामी समेत कई लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। व्यापारी नेता वर्मा को मंगलवार को भाजपा की सदस्यता लेनी थी लेकिन ऐन वक्त पर पार्टी के एक गुट ने वर्मा को सदस्यता दिलाने का विरोध कर दिया था जिसके बाद पार्टी को सदस्यता कार्यक्रम रद्द करना पड़ा था। वर्मा का विरोध कर रहे पार्टी के कुछ पदाधिकारियों को मनाया गया जिसके बाद बुधवार को उन्हें भाजपा में शामिल किया गया। वर्मा की ओबीसी वर्ग के साथ ही व्यापारियों में अच्छी पकड़ है। भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी के प्रदेश महमंत्री राजेंद्र बिष्ट, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, दायित्वधारी दिनेश आर्या, पूर्व चेयरमैन रेनू अधिकारी ने वर्मा और गोस्वामी को पार्टी की सदस्यता दिलाई। संचालन महामंत्री रंजन बर्गली ने किया।