राजकीय पीजी कॉलेज लोहाघाट में बीए प्रथम वर्ष में निर्धारित सीटें फुल होने के बाद छात्र-छात्राओं को प्रवेश न मिलने पर छात्रों में आक्रोश पैदा हो गया है। आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने प्रवेश के लिए सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर महाविद्यालय में तालाबंदी कर दी। छात्रों ने कुलपति का पुतला भी दहन किया। उन्होंने मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। मंगलवार को एबीवीपी के प्रांत सह मंत्री विवेक पुजारी और छात्र संघ अध्यक्ष रितिक ढेक के नेतृत्व में छात्रों में बीए में सीट बढाने की मांग पर कॉलेज में तालाबंदी कर दी। छात्रों का कहना था कि कॉलेज में सामान्य और एससी वर्ग छात्रों को सीट भरने से एडमिशन नहीं मिल पा रहा है। जिससे उनका भविष्य अंधकार में पड़ गया है। उन्होंने बीए में पांच सौ और पीजी में 120, एमए में समाज शास्त्र, मनोविज्ञान, इतिहास, शिक्षा शास्त्र की कक्षाएं संचालन, कॉलेज में प्रवक्ताओं की संख्या बढाने और लाइब्रेरियन की नियुक्ति और महिला छात्रावास का संचालन की मांग उठाई।