बागेश्वर नगरपालिका क्षेत्र के मंडलसेरा वार्ड में पेयजल संकट गहरा गया है। नियमित आपूर्ति नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है। गुस्साए उपभोक्ताओं ने जल संस्थान कार्यालय में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। मंडलसेरा पंपिंग योजना के माध्यम से नियमित पानी मुहैया कराने की मांग की। बृहस्पतिवार को जल संस्थान कार्यालय पहुंचे मंडलसेरा के जीतनगर और पीपल चौक लोगों ने बताया कि क्षेत्र में गर्मी आते ही पेयजल किल्लत होने लगती है। पंपिंग योजना से नियमित पानी मिलने की उम्मीद थी लेकिन जल निगम की ओर से दस हजार रुपये जमा करके नया कनेक्शन लेने को कहा जा रहा है। कहा कि कई साल पहले से वह जल संस्थान के उपभोक्ता हैं और नियमित बिल का भुगतान भी करते हैं। इसके बावजूद नया कनेक्शन लेने का दबाव बनाया जा रहा है। बताया कि पुरानी योजना से नियमित पानी नहीं मिलता है। कई बार रात के समय भी जागकर पानी भरना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने पुराने संयोजनों को पंपिंग योजना से जोड़ने और जल संकट से निजात दिलाने की मांग की। कहा कि समस्या का निदान नहीं होने पर आंदोलन करना पड़ेगा। इस मौके पर देवीदत्त पाठक, धाम सिंह गढि़या, भैरव पांडेय, भूपेंद्र मलड़ा, गणेश लाल, बलवंत सिंह, आनंद बल्लभ आदि मौजूद रहे।