बागेश्वर जिले के जल्थाकोट ग्रामीणों ने खनिज फाउंडेशन न्यास से गांव में विकास कार्य करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में प्रदर्शन करते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने गांव में पेयजल स्रोतों को दुरुस्त करने, पानी की टंकी की मरम्मत, नौले और धारों के जीर्णोद्धार, सुवा देवी और गंगनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत करने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पांच खड़िया की खानों का संचालन होता था, लेकिन उच्च न्यायालय के आदेश पर खनन रोक दिया गया है। उनका कहना है कि खनन के बावजूद खनिज न्यास का धन गांव के विकास कार्यों में नहीं लगाया गया है। इस मौके पर प्रदीप कुमार तिवारी, नवीन चंद्र तिवारी, महेश चंद्र तिवारी और कैलाश चंद्र तिवारी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।