बागेश्वर में मई की तपिश भले ही लोगों की परेशानी बढ़ा रही हो, लेकिन जूस कॉर्नर चलाने वालों के चेहरे खिले हुए हैं। शीतल पेय की तलाश में लोग इन कॉर्नरों पर पहुंच रहे हैं। हालांकि महंगाई का असर जूस पर भी पड़ रहा है। इस बार 10 से 15 रुपये प्रति गिलास जूस महंगा मिल रहा है। गर्मी के दिनों में सबसे अधिक मांग गन्ने के जूस की रहती है। अधिक खपत के चलते इसके दाम में बढ़ोत्तरी नहीं की गई है। पिछली बार की तरह इस बार भी गन्ने का जूस 30 रुपये प्रति गिलास मिल रहा है। मौसमी का जूस 50 रुपये से बढ़कर 60 रुपये हो गया है। अनार, अन्नास, आम के जूस के जूस में भी दस-दस रुपये का इजाफा हुआ है। अनार का जूस 70, पाइनएप्पल और आम का 60-60 रुपये में बिक रहा है। नींबू पानी भी दस रुपये महंगा होकर 30 और 40 रुपया प्रति गिलास हो गया है। नारियल पानी 90 से 100 रुपये तक बिक रहा है। पिछली बार 80 रुपये कीमत थी। जूस विक्रेता भीम कुमार, प्रमोद आदि ने बताया कि अब तक गर्मी सामान्य रहने से कारोबार हल्का था। विगत तीन-चार दिन में हल्की बढ़ोत्तरी हुई है। बताया कि फल, बर्फ आदि के दाम बढ़ने से जूस की कीमतों में भी मामूली से बढ़ोत्तरी की गई है।